home page

चढ़ावा चोरी के कारण राम मंदिर की प्रतिष्ठा को पहुंची ठेस : अभिषेक सिंघवी

 | 
चढ़ावा चोरी के कारण राम मंदिर की प्रतिष्ठा को पहुंची ठेस : अभिषेक सिंघवी


नई दिल्ली, 11 जुलाई (हि.स.)। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ प्रवक्ता और राज्यसभा सदस्य अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावा चोरी के कारण राम मंदिर की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है। उन्होंने कहा कि चढ़ावा की लूट कोई ‘छोटी-मोटी चूक’ नहीं थी, बल्कि यह एक सुनियोजित और संगठित लूट थी। यह बाते शनिवार को राजीव भवन स्थित दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेठी दफ्तर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कही। इस मौके पर दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव और महासचिव (संगठन) व संचार विभाग के चेयरमैन अनिल भारद्वाज भी मौजूद रहे।

सिंघवी ने कहा कि राम मंदिर चढ़ावा की चोरी आस्था का अपमान है, करोड़ों भक्तों के भरोसे के साथ धोखा है। उन्होंने कहा कि आस्था अनमोल है, जवाबदेही जरूरी है। उन्होंने कहा कि आस्था समर्पण मांगती है। लोकतंत्र पारदर्शिता की मांग करता है। पवित्र स्थानों के लिए पवित्र मानकों का पालन होना चाहिए।

देवेंद्र यादव ने कहा कि श्री राम मंदिर सिर्फ ईंट-पत्थर का ढांचा नहीं है, बल्कि यह करोड़ों भक्तों की आस्था का केंद्र है। उन्होंने कहा कि जब राम मंदिर में इतनी बड़ी चोरी होती है और प्रधानमंत्री चुप रहते हैं, तो यह कांग्रेस पार्टी को बिल्कुल मंजूर नहीं है, क्योंकि यह भक्तों के साथ धोखा है। उन्होंने कहा कि जिन सात-आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है, उन्हें जेल भेजने से पहले उनसे पूछताछ तक नहीं की गई।

अनिल भारद्वाज ने कहा कि राम मंदिर चढ़ावा चोरी ने करोड़ों भक्तों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। इस पूरे मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है ताकि कुछ निचले स्तर के कर्मचारियों को गिरफ़्तार करके बड़े लोगों को बचाया जा सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव