(अपडेट) टिकरी में सीएनजी भरते समय ट्रक के सिलेंडर में धमाका, तीन कर्मचारियों की मौत, तीन घायल
नई दिल्ली, 19 अगस्त (हि.स.)। बाहरी जिले के मुंडका के टिकरी मेट्रो स्टेशन के पास बुधवार दोपहर सीएनजी फिलिंग स्टेशन पर ट्रक में गैस भरते समय सिलेंडर में जोरदार धमाका हो गया। हादसे में स्टेशन के तीन कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। घायलों को मुंडका के सीडी ग्लोबल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर पुलिस हादसे को तकनीकी खामी से जोड़कर देख रही है। हालांकि, सिलेंडर की स्थिति, रीफिलिंग प्रक्रिया और सुरक्षा मानकों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, घटना बुधवार दोपहर करीब 3:20 बजे टिकरी मेट्रो स्टेशन के पास स्थित सीएनजी फिलिंग स्टेशन पर हुई। उस समय एक ट्रक में सीएनजी भरी जा रही थी। इसी दौरान ट्रक के सीएनजी सिलेंडर में अचानक तेज धमाका हो गया। धमाके की चपेट में वहां मौजूद कर्मचारी आ गए।
हादसे में सीएनजी स्टेशन पर काम करने वाले मनीष (25), ब्रह्मजीत (34), निवासी निजामपुर और सन्नी (30), निवासी निजामपुर की मौत हो गई। तीनों के शवों को पुलिस ने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे में सुरजीत, संजय और विपिन घायल हुए हैं। तीनों को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। धमाके की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और हादसे से जुड़े तथ्यों को जुटाया।
पुलिस के सामने अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर सीएनजी भरते समय सिलेंडर क्यों फटा। जांच में सिलेंडर की हालत, उसकी वैधता और मेंटेनेंस रिकॉर्ड के अलावा यह भी देखा जाएगा कि ट्रक का सीएनजी सिस्टम निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप था या नहीं। रीफिलिंग के दौरान अपनाई गई प्रक्रिया और स्टेशन पर मौजूद सुरक्षा उपकरणों की भी जांच होगी। तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से ब्लास्ट के कारण का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने कहा है कि जांच के बाद ही हादसे की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी और जिम्मेदारी तय की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

