मुख्यमंत्री ने यमुना घाट स्वच्छता अभियान में किया श्रमदान, बोलीं - यमुना दिल्ली की जीवनधारा
नई दिल्ली, 28 जून (हि.स.)।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को चिल्ला गांव में यमुना घाट स्वच्छता अभियान में बड़ी संख्या में युवा साथियों, स्वयंसेवकों और स्थानीय नागरिकों के साथ श्रमदान किया।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट करते हुए कहा कि यमुना दिल्ली की स्मृति, संस्कृति और जीवनधारा है। इसे स्वच्छ और निर्मल बनाने के लिए दिल्ली सरकार वैज्ञानिक, स्थायी और व्यापक स्तर पर निरंतर कार्य कर रही है। स्वच्छ घाट उसी संकल्प का सजीव प्रमाण हैं। उन्होंने सेवा के इस अभियान से जुड़े प्रत्येक स्वयंसेवक को हृदय से धन्यवाद किया।
मुख्यमंत्री ने दिल्ली के प्रत्येक परिवार से आग्रह किया कि किसी भी दिन थोड़ा समय यमुना के नाम अवश्य निकालें। अपने बच्चों का हाथ थाम कर किसी घाट पर चल रहे स्वच्छता अभियान से जुड़ें।
उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियां यमुना को वैसा ही पाएंगी, जैसा हम आज उसे सौंपेंगे। यही हमारी जिम्मेदारी है, यही हमारी विरासत है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

