home page

यमुना को स्वच्छ और निर्मल बनाने के लिए मिशन मोड पर काम जारी : रेखा गुप्ता

 | 
यमुना को स्वच्छ और निर्मल बनाने के लिए मिशन मोड पर काम जारी : रेखा गुप्ता


नई दिल्ली, 13 मार्च (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यमुना को स्वच्छ और निर्मल बनाने के लिए ड्रेनों की सफाई का काम मिशन मोड में चल रहा है। इसी कड़ी में आज बडुसराय पुल और पंखा रोड ड्रेन में नई अम्फीबियस मशीनें तैनात की हैं।

मुख्यमंत्री ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक से लैस ये मशीनें ड्रेनों और जलाशयों में जमा सिल्ट, कचरा और जलकुंभी को तेजी से हटाने में सक्षम हैं, जिससे सफाई का काम पहले से अधिक तेज और प्रभावी तरीके से हो सकेगा। इससे पानी का बहाव बेहतर बनेगा, ड्रेनों की सफाई तेज होगी और जलभराव की समस्या को कम करने में बड़ी मदद मिलेगी। आसपास के इलाकों को भी राहत मिलेगी।

इस अवसर पर दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, शिक्षा मंत्री आशीष सूद सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

मंत्री प्रवेश साहिब ने फेसबुक पोस्ट में कहा कि ये आधुनिक मशीनें नदियों और नालों में जमी गाद को निकालने, जल निकायों की सफाई तथा बाढ़ प्रबंधन के कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। दिल्ली में बेहतर जल प्रबंधन, स्वच्छ जल निकायों और प्रभावी बाढ़ नियंत्रण सुनिश्चित करने के लिए हमारी सरकार आधुनिक तकनीक और सुदृढ़ व्यवस्थाओं के साथ लगातार कार्य कर रही है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव