home page

मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी झंडा फहराकर कार्यकर्ताओं के साथ मनाया भाजपा का 47वां स्थापना दिवस

 | 
मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी झंडा फहराकर कार्यकर्ताओं के साथ मनाया भाजपा का 47वां स्थापना दिवस


नई दिल्ली, 06 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह की अगुवाई में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने प्रदेश कार्यालय में भाजपा के ध्वज को फहराया।

इस मौके पर देश भर की तरह दिल्ली भाजपा के कार्यकर्ताओं ने भी अपने आवास पर भाजपा का झंडा फहराया और पार्टी के एक मजबूत संगठन के सफर को याद किया।

भाजपा कार्यालय पर ध्वाजारोहण के पश्चात कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने कहा कि सभी 14 करोड़ भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए गर्व का पल है क्योंकि वह विश्व की सबसे बड़ी पार्टी के कार्यकर्ता हैं जिसका नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कच्छ से कामरूप तक और कश्मीर से कन्याकुमारी तक के हर एक गांव में भाजपा कार्यकर्ता हैं और आज अपनी पार्टी का स्थापना दिवस सेवा और समर्पण के उद्देश्य के साथ मना रहे हैं।

अरुण सिंह ने कहा कि पार्टी की ताकत उसके करोड़ों समर्पित कार्यकर्ता हैं, जो बिना किसी स्वार्थ के समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर सेवा कार्यों को आगे बढ़ाते हैं। भाजपा का इतिहास त्याग, तपस्या और संघर्ष से भरा हुआ है और आज यह विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक संगठन बन चुका है।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि भाजपा ने एक लंबा सफर तय किया है और राष्ट्र सर्वोपरि की भावना से ओतप्रोत भाजपा के कार्यकर्ता राष्ट्रहित में लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत का हर कार्यकर्ता सिर्फ इसलिए कार्य कर रहा है ताकि देश विश्वगुरु बने और देश के हर नागरिक को सम्मान मिले जिसका वह असली हकदार है।

रेखा गुप्ता ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि भाजपा की ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं, जो बिना किसी स्वार्थ के समाज और देश की सेवा में जुटे रहते हैं। उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि जहां अन्य पार्टियां सत्ता के लिए राजनीति करती हैं, वहीं भाजपा सेवा और सुशासन के सिद्धांतों पर चलती है।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि जनसंघ से जो यात्रा प्रारंभ हुई उस विचार के साथ पार्टी लगातार आगे बढ़ रही है। डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, अटल बिहारी वाजपेयी जैसे तपस्वी जिन्होंने पार्टी की सेवा एवं विचारधारा के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया और उसी का परिणाम है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र में सरकार होने के साथ-साथ 20 राज्यों में एनडीए की सरकार है।

सचदेवा ने कहा कि भाजपा आज दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है, जो अपने कार्यकर्ताओं के समर्पण, अनुशासन और राष्ट्रहित के प्रति प्रतिबद्धता के कारण इस मुकाम तक पहुंची है। उन्होंने कहा कि पार्टी के 47वें स्थापना दिवस पर कार्यकर्ता जनसेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को और मजबूत करने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पार्टी की नीतियों और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएं।

उन्होंने कहा कि भाजपा का मूल मंत्र सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास केवल नारा नहीं बल्कि एक संकल्प है, जिसे पार्टी का हर कार्यकर्ता जमीन पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस मौके पर सांसद कमलजीत सहरावत, प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल, प्रदेश पदाधिकारी योगिता सिंह, प्रवीण शंकर कपूर, सुमित भसीन, सरदार इम्प्रित सिंह बख्शी, पंकज जैन, सारिका जैन, नरेश एरोन, विक्रम मित्तल, बृजेश राय, अमित गुप्ता सहित हजारों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी