home page

मुख्यमंत्री ने अप्सरा बॉर्डर से हनुमान सेतु तक, दिल्ली के 6 बड़े फ्लाईओवरों के लिए एमओयू पर किए हस्ताक्षर

 | 
मुख्यमंत्री ने अप्सरा बॉर्डर से हनुमान सेतु तक, दिल्ली के 6 बड़े फ्लाईओवरों के लिए एमओयू पर किए हस्ताक्षर


नई दिल्ली, 06 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में सोमवार को दिल्ली सचिवालय में अप्सरा बॉर्डर से हनुमान सेतु तक, दिल्ली के 6 बड़े फ्लाईओवरों की तस्वीर बदलने के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर हुए। यह एमओयू फ्लाईओवरों के नीचे की खाली जगहों को सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए किया गया है। इस पहल का उद्देश्य दिल्ली को साफ, सुंदर और बेहतर तरीके से विकसित शहर बनाना है।

कार्यक्रम में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने सीएसआर के तहत डालमिया भारत लिमिटेड, गोदरेज इंडस्ट्रीज ग्रुप और इज माय ट्रिप फाउंडेशन के साथ मिलकर यह एमओयू साइन किया।

कार्यक्रम में पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार लोगों के हित में कामों को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए निजी कंपनियों के साथ मिलकर काम कर रही है, ताकि शहर को और बेहतर बनाया जा सके।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि इस समझौते के तहत फ्लाईओवरों के नीचे पड़ी खाली और उपेक्षित जगहों को सुंदर, उपयोगी और लोगों के काम आने वाले स्थानों में बदला जाएगा। इन जगहों पर हरियाली विकसित की जाएगी, दीवारों पर आकर्षक चित्र बनाए जाएंगे, बैठने की सुविधा होगी, साफ-सफाई का अच्छा इंतजाम किया जाएगा और लोगों के उपयोग के लिए जरूरी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। इससे ये स्थान शहर की पहचान का हिस्सा बन सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि यह पहल न केवल दिल्ली के समग्र सौंदर्यीकरण को बढ़ावा देगी, बल्कि नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता और सहभागिता को भी मजबूत करेगी। यह प्रयास ‘स्वच्छ और सुंदर दिल्ली’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने सभी सहभागी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार और निजी क्षेत्र के संयुक्त प्रयासों से दिल्ली को आधुनिक, स्वच्छ और आकर्षक शहर के रूप में विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इस प्रकार की पहलें दिल्ली को वर्ष 2047 के ‘विकसित भारत’ के विजन के अनुरूप आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

इस अवसर पर पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि यह पहल दिल्ली के शहरी ढांचे को नया स्वरूप देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। फ्लाईओवर के नीचे के स्थानों का सौंदर्यीकरण न केवल शहर को सुंदर बनाएगा, बल्कि इन स्थानों को जन उपयोग के लिए भी अधिक उपयोगी और सुरक्षित बनाएगा। सरकार ऐसे प्रयासों के माध्यम से दिल्ली को स्वच्छ, व्यवस्थित और विश्वस्तरीय शहर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस परियोजना के तहत अलग-अलग कंपनियां दिल्ली के कई फ्लाईओवरों के नीचे की जगहों को सुंदर और उपयोगी बनाएंगी। सबसे पहले इज माय ट्रिप फाउंडेशन अप्सरा बॉर्डर फ्लाईओवर (एमसीडी टोल टैक्स बूथ से यूपी बॉर्डर तक करीब 800 मीटर) और मयूर विहार फेज-1 फ्लाईओवर (कनाइन रोड कट से समाचार अपार्टमेंट तक करीब 820 मीटर) का सौंदर्यीकरण करेगी।

गोदरेज इंडस्ट्रीज ग्रुप नेताजी सुभाष पैलेस (एनएसपी) रिंग रोड से एनएसपी मेट्रो स्टेशन तक करीब 570 मीटर (फ्लाईओवर) को विकसित करेगा। इसके अलावा, डालमिया भारत लिमिटेड ओबराय फ्लाईओवर (नीला गुंबद से गोल्फ लिंक तक करीब 700 मीटर), लोधी फ्लाईओवर (ओबराय होटल से श्मशान घाट बीआरटी रोड तक करीब 700 मीटर) और मांगी एवं हनुमान सेतु (लाल किला से सलीमगढ़ किले तक करीब 400 मीटर) के नीचे की जगहों को सुंदर बनाएगा। साथ ही मांगी सेतु पर रामायण पर आधारित एक बड़ी दृश्य यात्रा भी दिखाई जाएगी।

इस पूरी परियोजना में इन सभी जगहों पर हरियाली, दीवारों पर सुंदर चित्र, साफ-सफाई का बेहतर इंतजाम, बैठने की सुविधा और लोगों के उपयोग के लिए जरूरी व्यवस्थाएं की जाएंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी