home page

मुख्यमंत्री भाजपा के 47वें स्थापना दिवस के अवसर कार्यक्रम में हुई शामिल

 | 
मुख्यमंत्री भाजपा के 47वें स्थापना दिवस के अवसर कार्यक्रम में हुई शामिल


नई दिल्ली, 06 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुई। उन्होंने पार्टी का ध्वज फहराकर ‘राष्ट्र प्रथम’ के संकल्प को नमन किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने समस्त कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भाजपा की यह गौरवशाली यात्रा राजनीति में शुचिता और सिद्धांतों के प्रति उस अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है, जो सरकार की सबसे बड़ी शक्ति है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी कार्यकर्ता उस संगठन के सिपाही हैं, जिसकी कार्यसंस्कृति में सर्वप्रथम राष्ट्र, फिर दल और अंत में स्वयं का मूलमंत्र रचा-बसा है। अपनी मूल विचारधारा और सिद्धांतों से कभी समझौता न करने की इसी निष्ठा ने आज भाजपा को जनता के अटूट विश्वास का केंद्र बनाया है। राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने तथा सेवा का संकल्प ही भाजपा की विशिष्ट पहचान है।

उन्होंने कहा कि यह दिन उन करोड़ों कार्यकर्ताओं के अटूट विश्वास एवं समर्पण के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने का अवसर भी है। जिन्होंने चरैवेति-चरैवेति के मंत्र को आत्मसात कर संगठन को विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक परिवार के रूप में स्थापित किया है।

इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद अरुण सिंह, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल, सांसद कमलजीत सहरावत, प्रदेश कार्यालय मंत्री बृजेश राय समेत वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं सम्मानित कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी