साकेत भवन हादसे को लेकर मुख्यमंत्री से मिला फाइमा का प्रतिनिधिमंडल
नई दिल्ली, 07 जून (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन (फाइमा) के मुख्य संरक्षक डॉ. रोहन कृष्णन के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने आज मुलाकात की। इस दौरान स्थानीय विधायक सतीश उपाध्याय में मौजूद रहे।
यह मुलाकात साकेत भवन ढहने की दुखद घटना के संबंध में हुई, जिसमें चार डॉक्टरों सहित सात लोगों की मौत हो गई थी।
फाइमा ने घटना को लेकर अपनी चिंताएं और मुआवजे की मांगें मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। यह जानकारी एक विज्ञप्ति के जरिए दी।
फाइमा के मुख्य संरक्षक डॉ. रोहन कृष्णन ने बताया कि मुख्यमंत्री ने इस मामले पर सकारात्मक और सहानुभूतिपूर्ण दृष्टिकोण अपनाया है और मृतकों और घायलों के परिजनों को उचित अनुग्रह राशि और सहायता प्रदान करने की सहमति दी है। उन्होंने दिल्ली सरकार की त्वरित और संवेदनशील प्रतिक्रिया की सराहना कीं ।
डॉ. रोहन कृष्णन ने कहा कि हम मुआवजे और सहायता की प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए मृतकों और घायलों का विवरण दिल्ली सरकार को प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़े रहने के लिए हम मुख्यमंत्री और दिल्ली सरकार के आभारी व्यक्त करते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

