home page

मुख्यमंत्री ने मॉडल टाउन में मिशन 70 लाख पौधा रोपण महाअभियान में लिया हिस्सा

 | 
मुख्यमंत्री ने मॉडल टाउन में मिशन 70 लाख पौधा रोपण महाअभियान में लिया हिस्सा


नई दिल्ली, 13 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को मॉडल टाउन में आयोजित ‘एक पेड़ मां के नाम’ – मिशन 70 लाख पौधा रोपण महाअभियान में हिस्सा लेकर पौधा रोपण किया। इस कार्यक्रम में मॉडल टाउन क्षेत्र में लगभग 1,100 पौधे लगाए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, हरियाली और स्वस्थ जीवन देने के संकल्प का प्रतीक है। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक अशोक गोयल, बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी, आरडब्ल्यूए के प्रतिनिधि और अन्य नागरिक उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने यहां आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली में बड़े स्तर पर विभिन्न क्षेत्रों में पौधारोपण कार्यक्रम लगातार चलाए जा रहे हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा 7 जुलाई को मेगा प्लांटेशन ड्राइव की शुरुआत की गई थी, जिसके तहत दिल्ली सरकार ने जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए एक विशेष पोर्टल- https://greendrive.delhivanmahotsav.in भी शुरू किया है। इस पोर्टल के माध्यम से नागरिकों को पौधारोपण अभियान से जुड़ने और अपनी सुविधानुसार तिथि, समय और स्थान का चयन कर स्लॉट बुक करने की सुविधा दी गई है। दिल्ली सरकार वृक्ष रथ के माध्यम से आपके घर निःशुल्क पौधे पहुंचाएगी। साथ ही नागरिक नर्सरी लोकेटर के माध्यम से अपनी निकटतम सरकारी नर्सरी का चयन कर वहां से निःशुल्क पौधा भी प्राप्त कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी के प्रत्येक खाली और उपयुक्त स्थान को हरित क्षेत्र में बदलने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में मॉडल टाउन क्षेत्र में सेंट्रल वर्ज, मेट्रो कॉरिडोर के नीचे और सड़कों के दोनों ओर पौधारोपण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान केवल पौधे लगाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति, पर्यावरण और मातृत्व के प्रति सम्मान प्रकट करने का एक जनआंदोलन है। यह अभियान नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए दिल्ली को स्वच्छ, हरित और टिकाऊ भविष्य की ओर ले जा रहा है। उन्होंने दिल्लीवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे अधिक से अधिक संख्या में पौधारोपण करें और दिल्ली सरकार के 70 लाख पौधे लगाने के संकल्प को सफल बनाने में अपना योगदान दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव