(लीड) मुख्यमंत्री ने दिल्ली उद्योग मित्र पोर्टल का किया शुभारंभ
नई दिल्ली, 28 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को दिल्ली सचिवालय में सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘दिल्ली उद्योग मित्र पोर्टल’ का शुभारंभ किया। यह पोर्टल दिल्ली में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के इकोसिस्टम को मजबूत करने के उद्देश्य से तैयार किया गया एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म है। इसके जरिए उद्यमियों, व्यापारियों, एमएसएमई, स्टार्टअप्स, औद्योगिक इकाइयों और निवेशकों को विभिन्न सरकारी सेवाओं एवं अनुमतियों तक एक ही डिजिटल इंटरफेस के माध्यम से आसान पहुंच मिल सकेगी। इस अवसर पर दिल्ली के उद्योग मंत्री सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
‘दिल्ली उद्योग मित्र पोर्टल’ पर वर्तमान में 15 विभागों की 50 से अधिक सरकारी सेवाएं एकीकृत की गई हैं। सरकार का लक्ष्य इसे बढ़ाकर 21 विभागों की 100 से अधिक सेवाओं तक करना है। इससे दिल्ली के 8 लाख से अधिक व्यापारियों, जिनमें एमएसएमई भी शामिल हैं, को सरकारी सेवाओं तक आसान और सुविधाजनक पहुंच मिलने की उम्मीद है। पोर्टल को नेशनल सिंगल विंडो सिस्टम (एनएसडब्ल्यूएस) के साथ भी एकीकृत किया गया है। इसके माध्यम से निवेशकों और कारोबारियों को केंद्र तथा राज्य स्तर की अनुमतियों तक एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म से पहुंच मिल सकेगी। इससे मंजूरियों की प्रक्रिया को अधिक तेज और पारदर्शी बनाने में मदद मिलेगी।
‘दिल्ली उद्योग मित्र पोर्टल’ आवेदकों को अनुमतियों की पहचान करने, आवेदन जमा करने, आवेदन की स्थिति देखने और विभिन्न विभागों के साथ एक ही डिजिटल इंटरफेस के माध्यम से संवाद करने की सुविधा प्रदान करेगा। पोर्टल में कई महत्वपूर्ण डिजिटल सुविधाएं शामिल की गई हैं। सिंगल साइन-ऑन (एसएसओ) के माध्यम से एक ही लॉगिन से विभिन्न विभागों की सेवाओं तक पहुंच मिल सकेगी। वहीं कॉमन एप्लीकेशन फॉर्म (सीएएफ) के माध्यम से आवेदकों को बार-बार एक जैसी मूलभूत जानकारी जमा करने की आवश्यकता कम होगी।
‘नो योर अप्रूवल्स’ (केवाईए) सुविधा उद्यमियों को उनके प्रस्तावित व्यवसाय के लिए आवश्यक अनुमतियों की जानकारी प्राप्त करने में मदद करेगी। आवेदक डैशबोर्ड के माध्यम से आवेदन की स्थिति एक ही स्थान पर देखी जा सकेगी, जबकि विभागीय डैशबोर्ड संबंधित विभागों को आवेदनों और सेवा वितरण की निगरानी में सहायता करेगा। इसके साथ ही गाइडेंस मॉड्यूल के माध्यम से प्रश्नोत्तर, मैनुअल और सेवाओं से संबंधित मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि आवेदन करने से पहले ही उद्यमियों को आवश्यक प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजधानी में ऐसा कारोबारी वातावरण तैयार किया जाए, जहां उद्यमियों और निवेशकों को अनावश्यक प्रक्रियात्मक जटिलताओं का सामना न करना पड़े और वे अपने कारोबार के विस्तार, नवाचार तथा रोजगार सृजन पर अधिक ध्यान केंद्रित कर सकें। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस केवल प्रक्रियाओं को ऑनलाइन करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य सरकार और कारोबारियों के बीच भरोसे, पारदर्शिता और सुविधा पर आधारित व्यवस्था तैयार करना है। ‘दिल्ली उद्योग मित्र पोर्टल’ इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण सुधार है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार आगे भी पोर्टल में और अधिक सेवाओं को जोड़ने, प्रक्रियाओं को सरल बनाने और डिजिटल परिवर्तन को मजबूत करने के लिए निरंतर काम करेगी। सरकार का लक्ष्य दिल्ली में ऐसा कारोबारी और निवेश वातावरण तैयार करना है, जहां उद्यमिता को प्रोत्साहन, निवेश को सुविधा और रोजगार सृजन को गति मिले। सरकार आगे भी सर्विस इंटीग्रेशन, प्रोसेस सिम्प्लीफिकेशन और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन के माध्यम से ‘दिल्ली उद्योग मित्र पोर्टल’ का विस्तार करेगी।
दिल्ली के उद्योग मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि ‘दिल्ली उद्योग मित्र पोर्टल’ दिल्ली में कारोबार को आसान बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह पोर्टल उद्यमियों को एक ही पहचान के माध्यम से लाइसेंस, अनापत्ति प्रमाणपत्र और कारोबार से जुड़ी अन्य सेवाओं के लिए एकल-खिड़की सुविधा उपलब्ध कराता है। अभी तक 15 विभागों और बोर्डों को पोर्टल से जोड़ा जा चुका है और 50 से अधिक सेवाएं उपलब्ध हैं। अगले महीने तक 21 विभागों की 100 से अधिक सेवाओं को इस पोर्टल पर लाने का लक्ष्य है।
उन्होंने कहा कि पोर्टल उद्यमियों को व्यवसाय शुरू करने के लिए आवश्यक मंजूरियों की जानकारी देगा, आवेदन करने की सुविधा उपलब्ध कराएगा और आवेदन की स्थिति पर नजर रखने के साथ शिकायतों के समाधान के लिए भी मंच प्रदान करेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

