home page

एक अगस्त से शुरू होगी ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता करेंगी पोर्टल का शुभारंभ

 | 
एक अगस्त से शुरू होगी ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता करेंगी पोर्टल का शुभारंभ


नई दिल्ली, 31 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली सरकार की महत्वाकांक्षी ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ का औपचारिक शुभारंभ शनिवार एक अगस्त को किया जाएगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सुबह 11 बजे गीता कॉलोनी स्थित डीएम कार्यालय (पूर्व) में आयोजित विशेष कार्यक्रम में ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ पोर्टल का शुभारंभ करेंगी। इसके साथ ही योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री स्वयं कुछ पात्र महिलाओं का पंजीकरण कराकर आवेदन प्रक्रिया की शुरुआत करेंगी। इसके बाद अन्य पात्र महिलाओं के आवेदन भी पोर्टल के माध्यम से स्वीकार किए जाने शुरू हो जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य है कि सभी पात्र आवेदनों का समयबद्ध सत्यापन कर रक्षाबंधन के अवसर पर पहली किस्त जारी की जाए।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार ने महिलाओं से किया गया अपना महत्वपूर्ण वादा अब धरातल पर उतार दिया है। ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ महिलाओं के सम्मान, आर्थिक सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को नई मजबूती देने वाली योजना है। उन्होंने सभी पात्र महिलाओं से अपील की कि वे योजना के लिए आवेदन कर इसका लाभ उठाएं।

योजना के तहत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 2,500 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में इसके लिए 5,110 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है और इससे 17 लाख से अधिक महिलाओं को लाभ मिलने का अनुमान है। दिल्ली सरकार ने आवेदन प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन और पारदर्शी बनाया है ताकि पात्र महिलाओं तक योजना का लाभ शीघ्र और सुगमता से पहुंच सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी