home page

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली आए तमिलनाडु के 84 सदस्यीय ‘युवा संगम’ प्रतिनिधिमंडल से किया संवाद

 | 
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली आए तमिलनाडु के 84 सदस्यीय ‘युवा संगम’ प्रतिनिधिमंडल से किया संवाद


नई दिल्ली, 28 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को दिल्ली सचिवालय में केंद्र सरकार की पहल ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के अंतर्गत आयोजित ‘युवा संगम फेज-7’ के तहत दिल्ली आए तमिलनाडु के विद्यार्थियों और फैकल्टी कोऑर्डिनेटर्स के प्रतिनिधिमंडल से संवाद किया।

मुख्यमंत्री ने युवा प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि उनकी उपस्थिति देश की युवा शक्ति, ऊर्जा, आकांक्षाओं और असीम संभावनाओं का प्रतीक है। युवा संगम जैसे कार्यक्रम देश के विभिन्न राज्यों के युवाओं को एक-दूसरे की संस्कृति, परंपराओं, विकास यात्रा और जीवनशैली को करीब से समझने का अवसर देते हैं। इससे न केवल सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलता है, बल्कि आपसी विश्वास, सम्मान और राष्ट्रीय एकता की भावना भी मजबूत होती है।

संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘युवा संगम’ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की परिकल्पना ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ का एक उत्कृष्ट उदाहरण है। यह पहल युवाओं को विभिन्न राज्यों की यात्रा करने, वहां की संस्कृति और विकास को समझने, नवाचार एवं शासन व्यवस्था के बारे में जानने तथा दूसरे राज्यों के जनजीवन का अनुभव प्राप्त करने का अवसर प्रदान करती है।

उन्होंने कहा कि भारत की विविधता, अलग-अलग भाषाएं, खान-पान, कला और जीवनशैलियां राष्ट्रीय पहचान को समृद्ध बनाती हैं। जब युवा एक राज्य से दूसरे राज्य की यात्रा करते हैं तो न केवल विचारों का आदान-प्रदान होता है, बल्कि स्थायी मित्रता और आपसी सहयोग के नए द्वार भी खुलते हैं।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने तमिलनाडु की समृद्ध सभ्यतागत विरासत, साहित्य, कला और ज्ञान परंपराओं का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा, विज्ञान, प्रौद्योगिकी और उद्योग के क्षेत्र में राज्य का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने विश्वास जताया कि तमिलनाडु से आए युवा अपने राज्य की गौरवशाली विरासत और उपलब्धियों के प्रतिनिधि हैं। दिल्ली में उनका प्रवास उन्हें राजधानी की सांस्कृतिक विविधता, विकास कार्यों, शासन व्यवस्था और सामुदायिक जीवन को करीब से जानने का अवसर देगा। साथ ही, वे अपने अनुभवों और विचारों से इस संवाद को और अधिक सार्थक बनाएंगे।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को दिल्ली की आधुनिक परिवहन व्यवस्था, मेट्रो नेटवर्क, इलेक्ट्रिक बसों और नई ईवी नीति को करीब से देखने तथा राजधानी के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक स्थलों का भ्रमण करने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने दिल्ली को आधुनिक, स्वच्छ और जनहितैषी बनाने के प्रयासों पर सुझाव साझा करने और अपने ज्ञान, कौशल व नवाचार से ‘विकसित भारत @2047’ के लक्ष्य में योगदान देने का आह्वान किया। साथ ही, उन्होंने विद्यार्थियों से अपने अनुभव परिवार, मित्रों और समाज के साथ साझा कर राज्यों के बीच आपसी जुड़ाव मजबूत करने की अपील की तथा प्रतिनिधिमंडल की ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक यात्रा की कामना की।

इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्रालय के उप सचिव श्रेयांश मोहन, युवा संगम फेज-7 के नोडल अधिकारी प्रो. के.पी. सिंह, एसजीटीबी खालसा कॉलेज के प्रिंसिपल प्रो. गुरमोहिंदर सिंह, केंद्रीय तमिलनाडु विश्वविद्यालय के फैकल्टी कोऑर्डिनेटर प्रो. नागेश्वर राव डी, श्रीअंश मिश्रा उपस्थित थे।

उल्लेखनीय है कि युवा संगम फेज-7 के अंतर्गत सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ तमिलनाडु के विद्यार्थियों और फैकल्टी कोऑर्डिनेटर्स का प्रतिनिधिमंडल 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक दिल्ली के प्रवास पर है। इस कार्यक्रम में तमिलनाडु के विद्यार्थी और फैकल्टी कोऑर्डिनेटर्स सहित 84 लोग शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी