हरेवली गौशाला के भवन व 45 किलो वाट के सौर ऊर्जा संयंत्र का लोकार्पण
नई दिल्ली, 04 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को हरेवली गौशाला के नवनिर्मित भवन एवं 45 किलो वाट क्षमता के सौर ऊर्जा संयंत्र का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि यह सौर संयंत्र गौशाला को स्वच्छ ऊर्जा से जोड़ने की दिशा में एक सार्थक पहल है।
मुख्यमंत्री ने आज सपरिवार हरेलवी गौशाल में हवन-पूजन, गौपूजन, गौदान एवं चारा सेवा की। उन्होंने गौशाला में विशेष देखभाल पा रहीं गौमाताओं के बीच समय बिताया और उनकी सेवा की व्यवस्थाओं को निकट से देखा। मुख्यमंत्री ने कहा कि गौमाता हमारी सनातन संस्कृति की चेतना हैं। गौपूजन में श्रद्धा, गौसेवा में करुणा और गौदान में लोकमंगल का भाव निहित है। गौसेवा और गौसंरक्षण की इस चिरंतन परंपरा को आगे बढ़ाना हमारा सांस्कृतिक दायित्व है।
मंत्री रविंद्र इंद्राज ने कहा कि गोवंश का संरक्षण केवल हमारी सांस्कृतिक विरासत का सम्मान नहीं, बल्कि समाज की संवेदनशीलता और सेवा-भाव को सशक्त करने का दायित्व भी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में गोशालाओं को सुदृढ़ बनाने, गोवंश के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और गोसेवा के इस पुण्य कार्य को नई गति देने की दिशा में सरकार निरंतर संकल्पबद्ध है। मंत्री इंद्राज ने कहा कि आस्था, सेवा और संरक्षण के इस पावन संकल्प के साथ गौमाता की सेवा, सनातन संस्कारों की सेवा है।
इस अवसर पर सांसद योगेंद्र चांदोलिया एवं विधायक तिलक राम गुप्ता भी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

