मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लद्दाख बुद्ध विहार के फुट ओवर ब्रिज का किया शिलान्यास
नई दिल्ली, 05 मार्च (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को मोनेस्ट्री मार्केट, लद्दाख बुद्ध विहार के फुट ओवर ब्रिज का शिलान्यास किया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि आज मुझे बहुत खुशी हो रही है कि लद्दाख बुद्ध विहार के लोगों की लंबे समय से लंबित मांग आखिरकार पूरी हो रही है। उन्होंने पिछली सरकारों पर आरोप लगाते हुए कहा कि वर्षों से इस कॉलोनी के निवासी, जहां लद्दाख के भाई-बहन रह रहे हैं और अपनी आजीविका कमा रहे हैं, एक फुट ओवरब्रिज की मांग कर रहे थे। उन्होंने सैकड़ों बार ज्ञापन और अनुरोध के साथ पिछली सरकार से संपर्क किया, लेकिन पिछली सरकारों ने यह छोटा सा काम भी कभी पूरा नहीं किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पुल का निर्माण लद्दाख की वास्तुकला को ध्यान में रखकर किया जाएगा। इसमें दो लिफ्ट भी लगाई जाएंगी। फुट ओवर ब्रिज के बनने से लद्दाख बुद्ध विहार और मोनेस्ट्री मार्केट आने-जाने वाले लोगों को सुरक्षित रूप से सड़क पार करने की सुविधा मिलेगी। साथ ही रिंग रोड पर यातायात भी अधिक सुचारु और निर्बाध रूप से चल सकेगा।
इस अवसर पर सांसद प्रवीण खंडेलवाल, कैबिनेट सहयोगी प्रवेश साहिब सिंह, लद्दाख भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ताशी ग्यालसन खाचू सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

