मुख्यमंत्री ने दिल्ली सचिवालय से 13 मोबाइल हीट रिलीफ यूनिट्स को दिखाई हरी झंडी
नई दिल्ली, 06 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को दिल्ली सचिवालय से गर्मी और हीटवेव से राहत प्रदान करने के उद्देश्य से 13 मोबाइल हीट रिलीफ यूनिट्स को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि इन मोबाइल हीट रिलीफ यूनिट्स के माध्यम से ठंडा और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा और ओआरएस के पैकेट वितरित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इनमें प्राथमिक उपचार की सुविधा प्रदान की जाएगी और लोगों को लू और तेज धूप से बचाव के लिए कॉटन के गमछे और कैप उपलब्ध कराए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने इसके साथ ही आज हीटवेव से बचाव और जागरूकता के लिए हीट एक्शन प्लान बुकलेट भी जारी की। उन्होंने भीषण गर्मी में अपना और अपने परिवार का विशेष ध्यान रखने, पर्याप्त पानी पीने और अनावश्यक धूप में निकलने से बचने की सभी से अपील की। उन्होंने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में 112 हेल्पलाइन नंबर के माध्यम से मोबाइल यूनिट्स की सुविधा प्राप्त की जा सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

