मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने छठव्रतियों के साथ उगते सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया
नई दिल्ली, 16 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हाथी घाट पर छठ महापर्व के अंतिम दिन सोमवार को बड़ी संख्या में छठ व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं के साथ उगते सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर चार दिवसीय कठिन व्रत का समापन किया। घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं के बीच मुख्यमंत्री ने भी पूरे उत्साह के साथ छठ महापर्व की परंपराओं में भागीदारी की और सभी को पर्व की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पूरी तरह पूर्वांचल की लोक संस्कृति और परंपराओं के रंग में रंगी नजर आईं। पारंपरिक परिधान में सजी मुख्यमंत्री ने छठ व्रती माताओं और बहनों के साथ मिलकर छठ के पारंपरिक गीत गाए और उनके साथ इस पावन पर्व की खुशियां साझा कीं। उन्होंने छठ व्रती महिलाओं के साथ पारंपरिक रस्मों में भाग लिया और सिंदूर लगाकर उनके साथ पर्व की खुशियां साझा कीं और छठी मैया का आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री ने व्रतियों से मुलाकात कर उनका अभिवादन किया और सभी को छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ महापर्व दिल्ली में रहने वाले पूर्वांचल के लाखों भाई-बहनों के लिए आस्था और भावनाओं से जुड़ा एक अत्यंत महत्वपूर्ण पर्व है। आज यमुना के घाटों पर पूरा समाज एक साथ छठी मैया की आराधना कर रहा है। पूर्वांचल के लोगों ने अपनी मेहनत और योगदान से दिल्ली को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वे दिल्ली परिवार का अभिन्न हिस्सा हैं और उनकी संस्कृति, परंपराओं व त्योहारों का सम्मान करना सरकार का दायित्व है।
उन्होंने छठी मैया के चरणों में प्रार्थना करते हुए कहा कि उनका आशीर्वाद देश और दिल्ली के सभी नागरिकों पर बना रहे। ताकि विकसित भारत और विकसित दिल्ली का संकल्प साकार हो तथा देश का हर परिवार सुख, समृद्धि और खुशहाली प्राप्त करे।
छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को सुबह घाटों तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए मुख्यमंत्री के निर्देश पर दिल्ली मेट्रो ने विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की। उषा अर्घ्य के पावन अवसर पर दिल्ली मेट्रो की सेवाएं सुबह 4:30 बजे से शुरू की गईं। उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वांचली परिवारजनों ने दिल्ली को केवल अपना घर ही नहीं बनाया, बल्कि अपनी संस्कृति और परंपराओं से इसे और भी समृद्ध किया है। आपकी आस्था का सम्मान करना, आपकी भावनाओं को समझना और छठी मइया की आराधना के लिए हर संभव सुविधा उपलब्ध कराना मेरे लिए केवल जिम्मेदारी नहीं, आत्मीयता का विषय है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

