सीजेपी के प्रदर्शन पर पहुंची सागरिका घोष, योगेंद्र यादव और अंजलि भारद्वाज
नई दिल्ली, 01 जुलाई (हि.स.)। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के विरोध प्रदर्शन में बुधवार को जंतर-मंतर पर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की सांसद सागरिका घोष, सामाजिक कार्यकर्ता योगेंद्र यादव और अंजलि भारद्वाज ने पहुंचकर आंदोलन के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।
योगेंद्र यादव ने सीजेपी के विरोध-प्रदर्शन में कहा कि 15 साल पहले अन्ना आंदोलन के लिए यहीं जंतर-मंतर पर खड़ा था, उस समय जंतर-मंतर बड़ा था, लेकिन अब यह छोटा हो गया है। उन्होंने सवालिया लहजे में पूछा कि क्या इकोसिस्टम अभिजीत को 'केजरीवाल 2.0' बनाने के लिए बेताब है?
सीजेपी के प्रमुख अभिजीत दीपके ने तीनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने जवाबदेही की मांग कर रहे युवा आंदोलन के साथ खड़े होकर लोकतांत्रिक मूल्यों का समर्थन किया है।
आंदोलन के दौरान आज चल रही भूख हड़ताल में सीजेपी से जुड़े इनेश कुमार ने सुबह अपनी छह दिन से जारी भूख हड़ताल समाप्त कर दी। साथ ही तबीयत बिगड़ने के बाद तीन अन्य प्रतिभागियों ने भी अपनी भूख हड़ताल खत्म कर दी। वहीं पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल जारी है।
उल्लेखनीय है कि सीजेपी कथित नीट पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और जवाबदेही की मांग करते हुए पिछले 11 दिनों से प्रदर्शन कर रहें है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

