home page

सार्वजनिक परिवहन को अपनाकर नागरिक ईंधन की बचत एवं पर्यावरण संरक्षण में दें योगदान : जय भगवान यादव

 | 
सार्वजनिक परिवहन को अपनाकर नागरिक ईंधन की बचत एवं पर्यावरण संरक्षण में दें योगदान : जय भगवान यादव


नई दिल्ली, 01 जून (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के नेता सदन एवं स्थायी समिति के सदस्य जय भगवान यादव ने सोमवार को नागरिकों से सार्वजनिक परिवहन के अधिकाधिक उपयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के समय-समय पर ऊर्जा संरक्षण और ईंधन बचत के लिए दिए संदेशों को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसी क्रम में उन्होंने स्वयं सार्वजनिक परिवहन का उपयोग कर एक सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत किया।

जय भगवान यादव आज अपने कार्यालय पहुंचने के लिए मेट्रो एवं ई-रिक्शा से यात्रा की। उन्होंने कहा कि दिल्ली मेट्रो सहित अन्य सार्वजनिक परिवहन सेवाएं न केवल सुविधाजनक और सुरक्षित हैं बल्कि समय एवं संसाधनों की बचत में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उनका यह सफर अत्यंत सरल, सुगम एवं आरामदायक रहा।

नेता सदन ने कहा कि बढ़ती जनसंख्या और यातायात के दबाव के बीच सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग ही प्रदूषण, ट्रैफिक जाम और ईंधन की खपत को कम करने का प्रभावी उपाय है। यदि अधिक से अधिक नागरिक निजी वाहनों के स्थान पर मेट्रो, बसों तथा अन्य सार्वजनिक परिवहन साधनों का उपयोग करेंगे तो इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ देश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में ऊर्जा संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक है। सार्वजनिक परिवहन को अपनाकर प्रत्येक नागरिक राष्ट्रहित में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है। इससे न केवल पेट्रोल एवं डीजल की खपत कम होगी बल्कि कार्बन उत्सर्जन में भी कमी आएगी और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित किया जा सकेगा।

जय भगवान यादव ने दिल्लीवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी दैनिक यात्राओं में यथासंभव मेट्रो, बस और अन्य सार्वजनिक परिवहन साधनों का उपयोग करें तथा ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण के इस जन अभियान का हिस्सा बनें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी