युवाओं ने ‘चलो भगत सिंह के साथ’ वॉकथॉन में लिया हिस्सा
नई दिल्ली, 27 सितंबर (हि.स.)। शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह की जयंती के अवसर पर दिल्ली सरकार द्वारा आयोजित ‘चलो भगत सिंह के साथ’ कार्यक्रम में संसद मार्ग से कर्तव्य पथ तक देशभक्ति का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। हजारों युवाओं, वॉलंटियर्स, दिल्ली सरकार के कर्मियों और देशप्रेमी नागरिकों ने तिरंगे के साथ वॉकथॉन में भाग लिया और ‘वंदे मातरम्’ तथा ‘भारत माता की जय’ के जयघोष के साथ अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह, अमर शहीद राजगुरु एवं सुखदेव की प्रतिमाओं का अनावरण किया तथा आरसीएस कार्यालय परिसर स्थित ऐतिहासिक कोर्ट रूम का अवलोकन किया। कार्यक्रम में सहकारिता एवं समाज कल्याण मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने वॉकथॉन में शामिल युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगत सिंह को समर्पित इस यात्रा में युवाओं द्वारा जिस उत्साह और प्रेम के साथ भाग लिया जा रहा है, वह सराहनीय है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं एवं साधुवाद दिया।
सहकारिता एवं समाज कल्याण मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने कहा कि संसद मार्ग स्थित यह परिसर केवल एक सरकारी कार्यालय नहीं, बल्कि शहीद-ए-आजम भगत सिंह के जीवन और संघर्ष से जुड़ी महत्वपूर्ण ऐतिहासिक धरोहर है। अब इसे ‘शहीद-ए-आजम भगत सिंह संघर्षस्थली’ के रूप में पहचान दी गई है।
उन्होंने बताया कि असेंबली में बम फेंकने के बाद गिरफ्तारी के उपरांत भगत सिंह को तत्कालीन संसद मार्ग कोतवाली से इसी परिसर में स्थित कोर्ट रूम में लाया जाता था, जहां उनके मुकदमे की कार्यवाही होती थी। सहकारिता विभाग की जिम्मेदारी मिलने के बाद उन्होंने इस स्थान से जुड़े ऐतिहासिक दस्तावेज और अभिलेख एकत्र कर इस तथ्य की पुष्टि की। इसके बाद मुख्यमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के समक्ष इस ऐतिहासिक स्थल के संरक्षण का विषय रखा।
रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने कहा, “आज यह गर्व का विषय है कि जिस स्थान को अब तक आरसीएस कार्यालय के नाम से जाना जाता था, वह अब ‘शहीद-ए-आजम भगत सिंह संघर्षस्थली’ के नाम से जानी जाएगी। यह देश के महान क्रांतिकारियों के प्रति दिल्ली सरकार की सच्ची श्रद्धांजलि है।
संसद मार्ग से शुरू हुआ वॉकथॉन विठ्ठल भाई पटेल हाउस, मावलंकर सभागार, श्रम शक्ति भवन, रफी मार्ग और कृषि भवन होते हुए कर्तव्य पथ तक पहुंचा। कर्तव्य पथ पर देशभक्ति गीतों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह के जीवन, संघर्ष और बलिदान पर आधारित लाइट एंड साउंड शो प्रस्तुत किया गया।
रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने कहा कि देशभक्ति की जो लौ आज हर युवा के दिल में जली है, उसे बुझने नहीं देना है। उन्होंने युवाओं से शहीदों के विचारों, साहस और देश के प्रति उनके समर्पण को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

