home page

स्वतंत्रता दिवस पर 200 लोगों को लौटाए खोए-चोरी मोबाइल

 | 
स्वतंत्रता दिवस पर 200 लोगों को लौटाए खोए-चोरी मोबाइल


नई दिल्ली, 15 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर बाहरी जिला पुलिस ने ‘ऑपरेशन रीकनेक्ट’ के तहत करीब 200 खोए और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे पर खुशी नजर आई। पुलिस के मुताबिक, यह पहल नागरिक केंद्रित पुलिसिंग और लोगों की शिकायतों के त्वरित समाधान की दिशा में की गई है।

शनिवार को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बाहरी जिला पुलिस की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त-1 विष्णु कुमार की मौजूदगी में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। कार्यक्रम में जिले के सभी एसीपी, थाना प्रभारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

इस मौके पर पुलिस उपायुक्त ने पुलिसकर्मियों को सेवा, एकजुटता और कर्तव्य के प्रति समर्पण की भावना के साथ काम करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि बाहरी जिला पुलिस नागरिक केंद्रित पुलिसिंग, बेहतर जनसेवा और राजधानी में सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

ऑपरेशन रीकनेक्ट के तहत पुलिस टीमों ने तकनीकी माध्यमों और लगातार किए गए प्रयासों से खोए और चोरी हुए मोबाइल फोन को ट्रेस कर बरामद किया। इसके बाद सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कर करीब 200 मोबाइल फोन उनके सही मालिकों को सौंपे गए। पुलिस के अनुसार, मोबाइल वापस मिलने से नागरिकों को राहत मिली और पुलिस के प्रति उनका भरोसा भी मजबूत हुआ। कार्यक्रम के अंत में ड्यूटी के प्रति लगातार समर्पण और मेहनत के लिए पुलिसकर्मियों के बीच मिठाइयां बांटी गईं। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नागरिकों की संपत्ति वापस दिलाने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी