नौ वर्षीय छात्रा की स्कूल में अचानक मौत, कार्डियक अरेस्ट का दावा
नई दिल्ली, 04 नवंबर (हि.स.)। पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार फेज-2 स्थित लवली हेरिटेज स्कूल में कक्षा तीन की नौ वर्षीय छात्रा की अचानक मौत हो गई। खेलकूद के सत्र से लौटने के बाद छात्रा कक्षा में अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी। घटना स्कूल के सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। परिजनों का कहना है कि स्कूल प्रबंधन समय पर प्राथमिक उपचार और सीपीआर नहीं दे पाया।
सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देता है कि छात्रा खेलकूद की कक्षा से लौटकर कमरे में प्रवेश करती है और अचानक जमीन पर गिर जाती है। इसके बाद शिक्षिका तुरंत उसे संभालने की कोशिश करती है और कुर्सी पर बिठाती है। इसके बाद शिक्षिका छात्रा को लेकर चिकित्सा सहायता के लिए बाहर जाती दिखाई देती हैं।
स्कूल प्रबंधन के अनुसार, छात्रा को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे निर्माण विहार स्थित मलिक अस्पताल रेफर किया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रबंधन का दावा है कि छात्रा को कार्डियक अरेस्ट आया था।
वहीं, परिजनों ने स्कूल में पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं नहीं होने और छात्रा को तत्काल सीपीआर नहीं दिए जाने पर सवाल उठाए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

