home page

घायल भारतीय कैप्टन स्मित मच्छर को सम्पूर्णा संस्था ने किया सलाम, विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन

 | 
घायल भारतीय कैप्टन स्मित मच्छर को सम्पूर्णा संस्था ने किया सलाम, विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन


नई दिल्ली, 02 अक्टूबर (हि.स.)। सम्पूर्णा संस्था ने शुक्रवार को संस्थापिका डॉ. शोभा विजेंद्र के नेतृत्व में घायल भारतीय कैप्टन स्मित मच्छर को सलाम करते हुए उनके जल्द स्वास्थ्य होने के लिए विशेष प्रार्थना सभा आयोजित की। इस अवसर पर निगम पार्षद स्मिता कौशिक, मंडल अध्यक्ष नवीन गुप्ता, सम्पूर्णा के कार्यकर्ताओं, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ सदस्यों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर कैप्टन स्मित मच्छर के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए सामूहिक प्रार्थना की।

डॉ. शोभा विजेंद्र ने हवाई जहाज के कॉकपिट में हुई हिंसक घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि संकट की घड़ी में कैप्टन स्मित मच्छर ने जिस साहस, धैर्य और जिम्मेदारी का परिचय दिया, वह अत्यंत प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि ऐसे कठिन समय में अपने कर्तव्य के प्रति उनका समर्पण सभी के लिए सम्मान और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने कैप्टन मच्छर के शीघ्र एवं पूर्ण स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करते हुए उनके परिवार के प्रति संवेदना और एकजुटता व्यक्त की।

निगम पार्षद स्मिता कौशिक ने कहा कि कैप्टन स्मित मच्छर ने विपरीत परिस्थितियों में जिस हौसले और संयम का परिचय दिया, वह प्रशंसनीय है। उन्होंने अपने कर्तव्य को प्राथमिकता देते हुए जिस जिम्मेदारी का निर्वहन किया, वह हम सभी के लिए प्रेरणादायी है।

मंडल अध्यक्ष नवीन गुप्ता ने कहा कि मुश्किल घड़ी में कैप्टन स्मित मच्छर की तत्परता, समझदारी और कर्तव्यबोध ने यह दिखाया कि साहस केवल शब्दों में नहीं, बल्कि जिम्मेदारी निभाने में होता है। उनके प्रयासों के प्रति पूरा समाज सम्मान व्यक्त करता है।

इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों ने कैप्टन स्मित मच्छर के साहस, धैर्य और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। अत्यंत कठिन और जीवन-जोखिम वाली परिस्थिति में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने अपनी सूझबूझ और साहस से स्थिति को संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रार्थना सभा में सदस्यों ने अपने भाव और प्रार्थना संदेश सभी के समक्ष रखे तथा ईश्वर से कामना की कि कैप्टन स्मित मच्छर शीघ्र स्वस्थ होकर अपनी बेटी और परिवार के पास सकुशल लौटें। इस अवसर पर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना के साथ भावपूर्ण भजनों की प्रस्तुति भी की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव