home page

वरिष्ठ नागरिक समाज की नींव, उनका सम्मान सामूहिक जिम्मेदारी: विजेंद्र गुप्ता

 | 
वरिष्ठ नागरिक समाज की नींव, उनका सम्मान सामूहिक जिम्मेदारी: विजेंद्र गुप्ता


नई दिल्ली, 06 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक हमारे समाज की नींव हैं और उनके स्वास्थ्य, सम्मान एवं प्रसन्नता को सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वास्थ्य सेवाओं को सम्मान एवं सामाजिक सहभागिता से जोड़ने वाली पहल हमारे बुजुर्गों की देखभाल के प्रति समाज की संवेदनशीलता का सार्थक संदेश देती है। यह बात विजेंद्र गुप्ता ने मंगलवार को प्रशांत विहार स्थित अग्रवाल धर्मशाला में सम्पूर्णा संस्था द्वारा आयोजित कैंसर स्क्रीनिंग शिविर एवं वरिष्ठ नागरिक सांस्कृतिक उत्सव का उद्घाटन करते हुए कही।

इस अवसर पर सम्पूर्णा संस्था की संस्थापक शोभा विजेंद्र भी उपस्थित रहीं।

विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों के जीवन की रक्षा में निवारक स्वास्थ्य देखभाल एवं समय पर स्वास्थ्य जांच की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने तथा वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं का लाभ प्राप्त करने के साथ-साथ उनके कल्याण को समर्पित सामुदायिक कार्यक्रम में सहभागिता का अवसर प्रदान करने के लिए सम्पूर्ण संस्था की सराहना की।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को केवल स्वास्थ्य सुविधाओं की ही नहीं, बल्कि सम्मान, साथ और सामाजिक जीवन में सार्थक सहभागिता की भी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि उनका अनुभव, ज्ञान और परिवार तथा समाज के प्रति योगदान युवा पीढ़ी के लिए एक अमूल्य विरासत है। समाज को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि हमारे बुजुर्ग निरंतर समाज से जुड़े रहें तथा स्वयं को सम्मानित और महत्वपूर्ण महसूस करें।

वरिष्ठ नागरिक सांस्कृतिक उत्सव में उनकी सक्रिय सहभागिता एवं आपसी संवाद को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाषण प्रतियोगिता के साथ-साथ वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों एवं सम्मान से संबंधित विशेष सत्र भी आयोजित किया गया। विधानसभा अध्यक्ष ने वरिष्ठ नागरिकों को अपनी बात रखने तथा अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए मंच उपलब्ध कराने हेतु आयोजकों की सराहना की।

कार्यक्रम में दादा-दादी एवं पोते-पोतियों की विशेष नृत्य प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसने विभिन्न पीढ़ियों के बीच प्रेम, आत्मीयता एवं भावनात्मक जुड़ाव को रेखांकित किया।

विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि ऐसी गतिविधियां पारिवारिक संबंधों को मजबूत करने में सहायक होती हैं और बच्चों में अपने दादा-दादी के प्रति प्रेम, सम्मान एवं अपनत्व की भावना विकसित करती हैं।

विजेंद्र गुप्ता ने “स्वस्थ वरिष्ठ, समृद्ध समाज” की संकल्पना के तहत कार्यक्रम आयोजित करने तथा स्वास्थ्य सेवा, सांस्कृतिक अभिव्यक्ति एवं सामाजिक सहभागिता को एक साझा मंच पर लाने के लिए सम्पूर्णा संस्था की सराहना की। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य, सम्मान एवं सक्रिय सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने वाली पहलों में नागरिक समाज संगठनों की अधिक से अधिक भागीदारी का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव