home page

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए सजेगी नई दिल्ली, 17 प्रमुख गोलचक्करों और 11 होटल परिसरों पर होगी सजावटी रोशनी

 | 
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए सजेगी नई दिल्ली, 17 प्रमुख गोलचक्करों और 11 होटल परिसरों पर होगी सजावटी रोशनी


नई दिल्ली, 04 सितंबर (हि.स.)। भारत मंडपम में 11 से 13 सितंबर तक आयोजित होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन-2026 को लेकर नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सम्मेलन के मद्देनजर वीआईपी मार्गों, प्रमुख सड़कों, बाजारों और प्रतिनिधियों के ठहरने वाले होटल क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, हरित विकास, रखरखाव और सजावटी प्रकाश व्यवस्था की जा रही है। एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने शुक्रवार को कहा कि सम्मेलन के दौरान राजधानी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के विजन के अनुरूप ‘विकसित भारत की विकसित नई दिल्ली’ की झलक दिखाई देगी।

कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस महत्वपूर्ण आयोजन के लिए नई दिल्ली को स्वच्छ, हरित, सुंदर और विश्वस्तरीय स्वरूप दिया जा रहा है। सम्मेलन से पहले 17 प्रमुख गोलचक्करों, 11 होटल परिसरों और 10 प्रमुख एनडीएमसी भवनों पर सजावटी रोशनी की व्यवस्था की जा रही है। इन सभी कार्यों के लिए कार्यादेश जारी किए जा चुके हैं और स्थापना का काम शुरू हो गया है। सभी कार्य 9 सितंबर तक पूरे करने का लक्ष्य रखा गया है।

एनडीएमसी उपाध्यक्ष ने बताया कि 17 प्रमुख गोलचक्करों पर विद्युत सजावटी रोशनी की व्यवस्था की जा रही है। इनमें पटेल चौक, विंडसर प्लेस, मंडी हाउस, शांतिपथ-कौटिल्य, शांतिपथ-पंचशील, शांतिपथ-सत्य मार्ग, आरएमएल, तीन मूर्ति, क्यू-पॉइंट, क्लेरिजेज होटल, सम्राट होटल, अशोका होटल, मेथी, लोक कल्याण मेट्रो स्टेशन, मान सिंह, यॉर्क प्लेस और पीएम गोलचक्कर शामिल हैं।

चहल ने बताया कि कार्यक्रम से पहले 11 प्रमुख होटल परिसरों को भी सजावटी रोशनी से रोशन किया जाएगा। इनमें होटल ताज पैलेस, आईटीसी मौर्या, अशोका होटल, सम्राट होटल, द लीला होटल, ताज मानसिंह, क्लेरिजेज होटल, शांगरी-ला होटल, ले मेरिडियन और इम्पीरियल होटल सहित अन्य चिन्हित होटल परिसर शामिल हैं। इन होटलों के आसपास सड़कों पर लगे पेड़ों को भी सजावटी रोशनी से सजाया जाएगा।

एनडीएमसी की 10 प्रमुख इमारतों और स्थलों को भी सजावटी रोशनी से रोशन किया जाएगा। इनमें पालिका केंद्र, एनडीसीसी फेज-2, कन्वेंशन सेंटर, चंद्रलोक बिल्डिंग, आशीर्वाद वृद्धाश्रम, चरखा संग्रहालय, सेंट्रल पार्क एवं पालिका बाजार क्षेत्र, एएवी मंदिर मार्ग, लोकनायक भवन और चाणक्य भवन शामिल हैं।

ब्रिक्स प्रतिनिधियों के आवागमन और ठहराव वाले प्रमुख मार्गों, होटल क्षेत्रों तथा बाजारों में विशेष सौंदर्यीकरण एवं सजावटी प्रकाश व्यवस्था की जा रही है। इन क्षेत्रों में स्वच्छता, हरित सौंदर्यीकरण, फूलों की सजावट और प्रकाश व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

कार्यक्रम से जुड़े सभी मार्गों पर स्ट्रीट लाइटों का 100 प्रतिशत सत्यापन किया जा चुका है। सत्यापन के दौरान खराब पाई गई सभी लाइटों को बदल दिया गया है, जिससे सम्मेलन के दौरान प्रमुख मार्गों पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन-2026 के मद्देनजर सड़कों पर लगे लगभग 350 बिजली पैनल बॉक्सों पर फ्लेक्स स्टिकर लगाकर उनका फेसलिफ्ट किया गया है।

एनडीएमसी क्षेत्र में कुल 309 ब्रांडिंग साइट्स चिन्हित की गई हैं। इनमें 154 डिजिटल मीडिया स्क्रीन, 83 पीटीयू एवं सीटीयू फ्लेक्स साइट्स और 72 बस क्यू शेल्टर शामिल हैं। इन सभी ब्रांडिंग साइट्स पर स्थापना का काम पूरा हो चुका है। विदेश मंत्रालय द्वारा साझा किए गए डिजाइन के अनुसार यह ब्रांडिंग की गई है।

15 प्रमुख स्थानों पर पुष्प-सज्जित बोर्ड और नौ स्थानों पर फूलों के फव्वारे लगाए जाएंगे।

वायु गुणवत्ता को बेहतर बनाए रखने और धूल एवं प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए पांच प्रमुख स्थानों पर विशेष मिस्ट स्प्रे की व्यवस्था की गई है। इनमें लोधी रोड, तिलक मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू, शांतिपथ और जाकिर हुसैन मार्ग शामिल हैं। आवश्यकता के अनुसार इन स्थानों पर नियमित रूप से मिस्ट स्प्रे किया जाएगा।

डेलीगेट और वीआईपी मार्गों की कुल 41 प्रमुख सड़कों की सर्किलवार निगरानी की जा रही है। सड़कों, फुटपाथों और बस शेल्टरों की मरम्मत का कार्य पूरा हो चुका है। 32 सड़कों पर पेंटिंग का कार्य पूरा हो गया है, जबकि शेष नौ सड़कों पर काम जारी है।

स्वच्छता व्यवस्था के तहत 14 स्वच्छता सर्किलों को 14 निरीक्षण सर्किलों के साथ जोड़ा गया है। आयोजन स्थलों और प्रमुख मार्गों पर 24 घंटे सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। 5 से 14 सितंबर तक दिन के समय यातायात प्रतिबंधित रहने के कारण सफाई कार्य मुख्य रूप से रात्रि पाली में किया जाएगा।

सम्मेलन के दौरान प्रमुख मार्गों पर रात के समय विशेष मैकेनिकल रोड स्वीपिंग की जाएगी। प्रमुख सड़कों और सार्वजनिक स्थलों की गहन सफाई के लिए 10 प्रेशर जेटिंग मशीनों का उपयोग किया जाएगा।

हाल की बारिश में प्रभावित बाबा खड़क सिंह मार्ग पर मौजूदा 80 एचपी पंप के अतिरिक्त एक और 80 एचपी पंप तथा 24 आईआईपी क्षमता की मोबाइल पंपिंग वैन तैनात की गई है। मंदिर मार्ग पर मौजूदा 32 एचपी पंप के अतिरिक्त 20 एचपी पंप लगाया गया है। इसके साथ ही 900 मिमी व्यास की 45 मीटर अतिरिक्त ड्रेनेज पाइप भी बिछाई गई है।

पालिका केंद्र के भूतल स्थित एकीकृत कमान एवं नियंत्रण केंद्र को 5 से 14 सितंबर तक 24 घंटे संचालित करने के आदेश जारी किए गए हैं। तीनों पालियों में निदेशक और संयुक्त निदेशक स्तर के दो अधिकारियों की तैनाती की जाएगी। इसके अतिरिक्त रात्रि ड्यूटी के लिए 11 विंगों की तैनाती की गई है।

एनडीएमसी नियंत्रण कक्ष भी सम्मेलन के दौरान सक्रिय रहेगा। नागरिक सुविधाओं और आपात स्थितियों से संबंधित शिकायतों के लिए 011-23348300, 011-23348301 तथा टोल फ्री नंबर 1533 जारी किए गए हैं। विदेश मंत्रालय के साथ बेहतर समन्वय के लिए नोडल अधिकारी नामित किया गया है।

चहल ने कहा कि ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान नई दिल्ली का सौंदर्यीकरण केवल सजावट तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह भारत की ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना, आतिथ्य परंपरा और आधुनिक भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा को भी प्रदर्शित करेगा।

उन्होंने कहा कि इससे पहले जी20 शिखर सम्मेलन के दौरान भी एनडीएमसी ने व्यापक स्तर पर स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, हरित विकास, सड़क एवं फुटपाथ रखरखाव, सजावटी प्रकाश व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को लेकर प्रभावी तैयारियां की थीं। उस दौरान प्राप्त अनुभव और सीख को ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की तैयारियों में और अधिक प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है।

कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत में आयोजित होने वाला ब्रिक्स शिखर सम्मेलन देश के लिए महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय अवसर है। यह सम्मेलन भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका, नेतृत्व क्षमता और विश्व के प्रमुख देशों के साथ मजबूत होते संबंधों को प्रदर्शित करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी