home page

दिल्ली विधानसभा समेत तीन स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, कॉल निकली झूठी

 | 
दिल्ली विधानसभा समेत तीन स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, कॉल निकली झूठी


नई दिल्ली, 23 फ़रवरी (हि.स.)। राजधानी में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब विधानसभा समेत दो प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। एक के बाद एक आई तीन कॉलों के बाद पुलिस, दमकल विभाग, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीमें मौके पर पहुंचीं और व्यापक तलाशी अभियान चलाया। दूसरी तरफ घंटों की जांच के बाद सभी कॉल फर्जी (हॉक्स) पाई गईं।

दमकल विभाग के अनुसार पहली कॉल सुबह 8:50 बजे दिल्ली कैंट स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल में बम रखे होने की सूचना के रूप में मिली। सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। पुलिस और बम निरोधक दस्ता भी तुरंत स्कूल पहुंचा। एहतियात के तौर पर स्कूल परिसर की सघन तलाशी ली गई और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। इसी बीच सुबह 9:36 बजे दूसरी कॉल लोधी रोड स्थित एयरफोर्स के बाल भारती स्कूल में बम रखे होने की सूचना मिली। इससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ गई। यहां भी पुलिस, दमकल कर्मी और अन्य जांच एजेंसियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। दोनों स्कूल परिसरों में कक्षाओं, दफ्तरों और आसपास के इलाकों की बारीकी से जांच की गई, लेकिन कहीं कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी ही थी कि दोपहर करीब 12 बजे तीसरी कॉल विधानसभा में बम रखे होने की सूचना के साथ मिली। धमकी विधानसभा के अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता के मेल पर दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। विधान सभा परिसर में भी तत्काल सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट किया गया। कर्मचारियों और आम लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए परिसर की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया गया। घंटों चली जांच के बाद तीनों स्थानों पर कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। पुलिस ने तीनों कॉल को फर्जी करार दिया है। शुरुआती जांच में शरारती तत्वों द्वारा अफवाह फैलाने की आशंका जताई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी