home page

महापौर कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी, दिल्ली पुलिस ने की गहन जांच, स्थिति सामान्य : महापौर

 | 
महापौर कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी, दिल्ली पुलिस ने की गहन जांच, स्थिति सामान्य : महापौर


नई दिल्ली, 01 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली के सिविक सेंटर स्थित महापौर कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गयीं। महापौर राजा इकबाल सिंह ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।

दिल्ली के महापौर राजा इकबाल सिंह ने बुधवार को एक विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी कि महापौर कार्यालय को आज सुबह 07:31 बजे एक ई-मेल के माध्यम से दोपहर 02:11 बजे बम विस्फोट करने की धमकी प्राप्त हुई।

महापौर राजा इकबाल सिंह ने बताया कि धमकी मिलते ही मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत दिल्ली पुलिस को सूचित किया गया। इसके पश्चात दिल्ली पुलिस के बम निरोधक दस्ते द्वारा महापौर कार्यालय परिसर की सघन और विस्तृत जांच की गई। जांच के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु या खतरे से संबंधित सामग्री बरामद नहीं हुई।

महापौर ने बताया कि वर्ष 2022 में भी महापौर कार्यालय को इसी प्रकार की धमकी प्राप्त हुई थी, जिसे संबंधित एजेंसियों द्वारा गंभीरता से लेते हुए जांच की गई थी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं शरारती तत्वों द्वारा भय का माहौल बनाने के उद्देश्य से की जाती हैं।

महापौर ने स्पष्ट किया कि दिल्ली पुलिस की पूरी जांच के बाद महापौर कार्यालय में कार्य सामान्य रूप से जारी है और किसी भी प्रकार की घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन पर विश्वास बनाए रखें।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कायराना धमकियों से न तो प्रशासन प्रभावित होगा और न ही जनसेवा के कार्यों में कोई बाधा आएगी। दिल्ली नगर निगम नागरिकों की सेवा और सुरक्षा के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी