मयूर विहार के मॉल पार्किंग में कार में मिला ड्राइवर अचेत, प्रारंभिक जांच में प्राकृतिक मौत की आशंका
नई दिल्ली, 24 फ़रवरी (हि.स.)। पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार इलाके में सोमवार शाम एक मॉल की पार्किंग में खड़ी कार के अंदर एक व्यक्ति अचेत अवस्था में मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार 23 फरवरी की शाम करीब 5:55 बजे थाना मयूर विहार को पीसीआर कॉल मिली कि स्टार सिटी मॉल की पार्किंग में खड़ी एक गाड़ी के अंदर एक व्यक्ति बेहोश पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार में मौजूद व्यक्ति को बाहर निकाला। जांच में मृतक की पहचान नरेंद्र कुमार के रूप में हुई है, जो पेशे से ड्राइवर बताए जा रहे हैं। मौके पर शरीर पर किसी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले। एहतियातन क्राइम टीम को बुलाकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कराया गया।
पुलिस ने पार्किंग क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के विश्लेषण में किसी संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि सामने नहीं आई। जांच में यह भी पता चला कि दोपहर 12:05 बजे के बाद मृतक की कोई गतिविधि रिकॉर्ड नहीं हुई। तलाशी के दौरान मृतक के पास से अस्थमा से संबंधित दवाइयां भी बरामद हुईं। प्रथम दृष्टया मामला प्राकृतिक मृत्यु का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए शव को अस्पताल भेजकर सुरक्षित रखवाया गया है। जहां पोस्टमार्टम कराया जाएगा। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

