home page

भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के बयान के विरोध में किया प्रदर्शन

 | 
भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के बयान के विरोध में किया प्रदर्शन


नई दिल्ली, 04 फ़रवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के नेतृत्व में बुधवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस मुख्यालय के पास विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को लेकर दिए गए बयान के विरोध में किया गया।

प्रदर्शन के दौरान वीरेंद्र सचदेवा ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष पर आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने केवल एक मंत्री को नहीं, बल्कि पूरे सिख समुदाय का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास सिख विरोधी रहा है और 1984 के दंगों के दौरान भी कांग्रेस ने सिखों को गद्दार कहा था। सचदेवा ने आरोप लगाया कि आज भी कांग्रेस की सोच वही है।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने उस कौम को गाली दी है जिसने देश के लिए शहादत का कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्हें अपने बयान पर माफी मांगनी चाहिए और इस्तीफा देना चाहिए। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए राहुल गांधी से सार्वजनिक माफी की मांग की।

उल्लेखनीय है कि, संसद परिसर में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के बीच तीखी नोकझोंक हुई थी, जिसके बाद यह राजनीतिक विवाद हुआ।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी