उपचुनावों में भाजपा-एनडीए की जीत को हर्ष मल्होत्रा ने बताया मोदी पर जनता के विश्वास का प्रमाण
नई दिल्ली, 09 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने विभिन्न उपचुनावों में भाजपा एवं एनडीए को मिली जीत पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, एनडीए के घटक दल एआईएनआरसी और पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के कथित दुष्प्रचार के बावजूद उपचुनावों में भाजपा एवं एनडीए को मिली सफलता से स्पष्ट है कि जनता के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति विश्वास कायम है।
मल्होत्रा ने कहा कि असम के नगांव लोकसभा उपचुनाव के साथ पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर भाजपा की जीत पार्टी के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने दावा किया कि नंदीग्राम में भाजपा प्रत्याशी ने 1,29,914 मतों के अंतर से जीत दर्ज की, जबकि मुस्लिम बहुल रेजीनगर सीट पर भाजपा को 75,816 मतों से विजय मिली।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की राजनीतिक विरासत को लेकर दिए गए बयान की आलोचना की। उन्होंने कहा कि उपचुनाव के नतीजे कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस जैसी विपक्षी पार्टियों के लिए जनता का स्पष्ट संदेश हैं। मल्होत्रा ने रेजीनगर में भाजपा की जीत को प्रधानमंत्री मोदी के प्रति जनता के विश्वास का प्रमाण बताया।
उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों की ओर से लगातार आलोचना और कथित दुष्प्रचार के बावजूद भाजपा एवं एनडीए को मिली चुनावी सफलता प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जनता के भरोसे को दर्शाती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

