मंत्री पंकज सिंह ने सांसद सहरावत के साथ उत्तम नगर हत्या मामले में पीड़ित परिवार से मुलाकात की
नई दिल्ली, 07 मार्च (हि.स.)। दिल्ली के कैबिनेट मंत्री पंकज सिंह ने सांसद कमलजीत सहरावत के साथ शनिवार को उत्तम नगर हत्या मामले में पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने इस घटना को अत्यंत शर्मनाक और दुखद बताते हुए परिवार को सांत्वना दी।
पंकज सिंह ने कहा कि आज सांसद और अन्य लोगों के साथ दुखी परिवार से मिला। इस कठिन समय में सरकार परिवार के साथ खड़ी हैं और उन्हें आश्वासन दिया है कि प्रशासन और पुलिस अपना काम करेगी। जो घटना हुई है वह बेहद निंदनीय है और ऐसी त्रासदी का वर्णन करने के लिए शब्द नहीं हैं। दो दिन पहले ही एक पिता ने अपने बेटे को इस तरह खो दिया है।
पंकज सिंह ने इसे अत्यंत शर्मनाक घटना बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही का भरोसा दिया है और सभी से शांति और भाईचारा बनाए रखने की अपील की।
इस मौके पर सांसद सहरावत ने जनता से अपराधियों को कड़ी सजा दिलाने का आश्वासन दिया है। उन्होंने बताया कि पीड़ित बच्चा विवाद में शामिल नहीं था और बाहर से आकर बाइक पार्क कर रहा था, जब उस पर हमला किया गया। उन्होंने इस घटना की निंदा की।
उल्लेखनीय है कि होली के दिन उत्तम नगर की जेजे कॉलोनी में एक नाबालिग लड़की के पानी से भरा गुब्बारा फेंकने को लेकर अलग-अलग समुदाय के दो परिवार भिड़ गए थे। बाद में दूसरे पक्ष ने होली खेलकर आ रहे लड़की के रिश्तेदार तरुण की पीट-पीट कर हत्या कर दी। घटना को लेकर इलाके में तनाव है और इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात हैं। शुक्रवार को आक्रोशित लोगों ने आरोपितों के घर के सामने बाइक और कार में आग लगा दी थी।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

