दिल्ली भाजपा ने सभी 256 मंडलों में किया सामूहिक योग दिवस कार्यक्रमों का आयोजन
नई दिल्ली, 21 जून (हि.स.)। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर दिल्ली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दिल्ली के सभी 256 संगठनात्मक मंडल क्षेत्रों में योग कार्यक्रमों का आयोजन किया। इसमें भाजपा के लगभग सभी कार्यकर्ता, पदाधिकारी, सांसद, विधायक एवं पार्षद आज योग ध्यान से जुड़े।
दिल्ली भाजपा उपाध्यक्ष गजेंद्र यादव ने बताया कि भाजपा के 256 कार्यक्रमों के साथ ही भाजपा कार्यकर्ता विभिन्न सरकारी एवं निजी एनजीओ द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में सम्मिलित हुए।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा पूर्वी दिल्ली के यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में शामिल हुए। यमुना स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स में आयोजित कार्यक्रम में दिल्ली के उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू के साथ दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने भी एकत्र जनों को योग दिवस शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर विधायक ओमप्रकाश शर्मा, पूर्व केंद्रीय मंत्री हर्षवर्धन, दिल्ली की उप महापौर डा. मोनिका पंत, भाजपा के शाहदरा जिलाध्यक्ष दीपक गाबा भी उपस्थित रहे।
दिल्ली भाजपा के संगठन महामंत्री दीनदयाल उपवन में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। भाजपा के राष्ट्रीय संगठन नागेंद्र सिंह, मीडिया सहप्रमुख संजय मयूख भी दिल्ली भाजपा के सह कार्यालय मंत्री अमित गुप्ता द्वारा संचालित कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम पहाड़गंज में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।
सांसद बांसुरी स्वराज ईस्ट किदवई नगर में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम में सम्मिलित हुईं तो राज्यसभा सदस्य स्वाति मालीवाल दिव्य योगाश्रम भामाशाह रोड़ पर आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।
प्रदेश महामंत्री एवं सांसद योगेंद्र चांदोलिया डीडीए पार्क रोहिणी में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम में सम्मिलित हुए और सम्मिलित लोगों को शुभकामनाएं दीं।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद मनोज तिवारी स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ उस्मानपुर तीसरा पुश्ता पर आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित हुए और कहा की योग करना हर व्यक्ति के अच्छे स्वास्थ्य की गारंटी है।
दक्षिण दिल्ली सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी स्थानीय कार्यकर्ताओं द्वारा मदर डेयरी पार्क, महरौली में भी आयोजित योग दिवस कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।
चांदनी चौक से सांसद प्रवीण खंडेलवाल लाल किला मैदान में आयोजित कार्यक्रम में अनेक स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ सम्मिलित हुए और सभी देशवासियों को बधाई दी।
इस अवसर पर यमुना स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स में दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि योग भारत की प्राचीन परंपरा और संस्कृति की अमूल्य देन है, जिसे आज पूरी दुनिया ने अपनाया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली और प्रत्येक वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के माध्यम से करोड़ों लोग योग के महत्व को समझते हुए इसे अपने जीवन का हिस्सा बना रहे हैं।
मल्होत्रा ने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह मन, मस्तिष्क और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने का माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति तनाव मुक्त, अनुशासित और सकारात्मक जीवन की ओर आगे बढ़ता है।
उन्होंने कहा कि आज के समय में जब जीवनशैली में तेजी से बदलाव आ रहा है, तब योग का महत्व और भी बढ़ गया है। प्रत्येक नागरिक को स्वस्थ और निरोगी जीवन के लिए योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

