भजनपुरा वार्ड में विशेष स्वच्छता अभियान, जनप्रतिनिधियों ने लिया स्वच्छता का संकल्प
नई दिल्ली, 13 जून (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने बताया कि स्वच्छता जागरूकता अभियान के अंतर्गत आज भजनपुरा वार्ड (घोंडा विधानसभा) के 4.5 पुस्ता क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान सत्या शर्मा ने स्वयं अभियान में भाग लेते हुए झाड़ू लगाकर सड़कों की सफाई की तथा सफाई कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने सफाई कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
सत्या शर्मा ने कहा कि स्वच्छता ही विकास की पहली सीढ़ी है और स्वच्छ वातावरण के बिना स्वस्थ समाज की परिकल्पना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से न केवल सफाई कार्यों को गति दी जा रही है, बल्कि नागरिकों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और स्थानीय निवासियों की सहभागिता से ही स्वच्छता अभियान को सफल बनाया जा सकता है। इस अवसर पर सभी उपस्थित लोगों ने क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषणमुक्त बनाए रखने का संकल्प लिया।
स्थायी समिति अध्यक्ष ने कहा कि दिल्ली नगर निगम स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नियमित रूप से ऐसे अभियान चला रहा है और आगे भी इन्हें और व्यापक स्तर पर जारी रखा जाएगा, ताकि राजधानी को स्वच्छ और रहने योग्य बनाया जा सके।
इस अभियान में क्षेत्रीय विधायक अजय महावर, निगम पार्षद रेखा रानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

