home page

एमसीडी में अंकुश नारंग फिर बने नेता प्रतिपक्ष, आम आदमी पार्टी ने जताया भरोसा

 | 
एमसीडी में अंकुश नारंग फिर बने नेता प्रतिपक्ष, आम आदमी पार्टी ने जताया भरोसा


नई दिल्ली, 23 अप्रैल (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) नेता अंकुश नारंग को एक बार फिर दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। आआपा ने उनके पिछले कार्यकाल के प्रदर्शन को देखते हुए यह निर्णय लिया।

दोबारा इस पद पर नियुक्त होने के बाद अंकुश नारंग ने पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल का आभार व्यक्त किया और कहा कि वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ दिल्ली की जनता की आवाज एमसीडी में उठाते रहेंगे। उन्होंने पार्टी नेतृत्व, पार्षदों और कार्यकर्ताओं का भी धन्यवाद किया।

अंकुश नारंग ने कहा कि उनके लिए यह जिम्मेदारी केवल एक पद नहीं बल्कि जनता के विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे आगे भी जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से सदन में उठाते रहेंगे।

उन्होंने बताया कि पिछले कार्यकाल में विपक्ष में रहते हुए पार्टी ने मानसून की तैयारियों, नालों की सफाई, जलभराव, प्रदूषण और मौसमी बीमारियों जैसे विषयों को प्रमुखता से उठाया। इसके अलावा गैस सिलेंडर की उपलब्धता और यमुना की सफाई जैसे मुद्दों पर भी आवाज उठाई गई।

मानसून तैयारियों को लेकर उन्होंने कहा कि विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय और योजनाबद्ध तरीके से काम करना जरूरी है, ताकि जलभराव जैसी समस्याओं से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

एमसीडी सह-प्रभारी प्रवीण कुमार ने कहा कि पार्टी ने इस बार महापौर चुनाव नहीं लड़ने का निर्णय लिया है, ताकि नगर निगम प्रशासन को काम करने का पूरा अवसर मिल सके।

एमसीडी सह-प्रभारी प्रीति डोगरा ने भी अंकुश नारंग के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने नेता प्रतिपक्ष के रूप में जिम्मेदारी का प्रभावी निर्वहन किया है।

उन्होंने कहा कि अंकुश नारंग का अनुभव और कार्यशैली आने वाले समय में भी एमसीडी में जनहित के मुद्दों को आगे बढ़ाने में सहायक होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी