home page

लंपी स्किन डिजीज की रोकथाम के लिए सरकार पूरी तरह सतर्क : कपिल मिश्रा

 | 
लंपी स्किन डिजीज की रोकथाम के लिए सरकार पूरी तरह सतर्क : कपिल मिश्रा


नई दिल्ली, 19 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली के विकास मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि दिल्ली में पशुओं में लंपी स्किन डिजीज (एलएसडी) की स्थिति को लेकर सरकार पूरी तरह सतर्क है। विकास विभाग के अंतर्गत पशुपालन इकाई द्वारा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में बीमारी की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इस वर्ष दिल्ली में एलएसडी के केवल छिटपुट मामले सामने आए हैं। यह जानकारी कपिल मिश्रा ने बुधवार को विकास आयुक्त और पशुपालन विभाग के निदेशक के साथ हुई समीक्षा के बाद दी।

मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि सरकार पशुओं को लंपी स्किन डिजीज से सुरक्षित रखने और बीमारी के प्रसार को रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठा रही है। केंद्र सरकार के पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप बीमारी की रोकथाम और नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि दिल्ली में लंपी स्किन डिजीज के खिलाफ टीकाकरण अभियान जारी है। सरकार का प्रयास है कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी पशु चिकित्सालयों और डिस्पेंसरी में पर्याप्त मात्रा में एलएसडी वैक्सीन उपलब्ध रहे, ताकि पशुओं का समय पर टीकाकरण किया जा सके।

मंत्री कपिल मिश्रा ने सभी पशुपालकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने पशुओं का एलएसडी के खिलाफ टीकाकरण जरूर कराएं और टीकाकरण अभियान में पशु चिकित्सा टीमों का पूरा सहयोग करें। उन्होंने पशुपालकों से अपने पशुओं के स्वास्थ्य पर विशेष नजर रखने और किसी भी संदिग्ध लक्षण की स्थिति में तत्काल नजदीकी सरकारी पशु चिकित्सालय या डिस्पेंसरी से संपर्क करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि किसी पशु में बीमारी के लक्षण दिखाई दें अथवा संक्रमण का संदेह हो तो उसे तुरंत अन्य पशुओं से अलग और सुरक्षित स्थान पर रखें तथा पशु चिकित्सक से संपर्क करें।

मंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार का उद्देश्य पशुधन के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना और बीमारी के संभावित प्रसार को प्रभावी ढंग से नियंत्रित करना है। सरकार स्थिति पर लगातार नजर रख रही है और आवश्यकता के अनुसार सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव