दिल्ली में खाद्य व्यवसाय प्रतिष्ठानों के 12 नमूने मानकों के अनुरूप नहीं, इकाइयों पर कार्रवाई शुरू
नई दिल्ली, 04 जून (हि.स.)। दिल्ली खाद्य सुरक्षा विभाग ने राजधानी में लगातार सघन निगरानी, निरीक्षण और प्रवर्तन गतिविधियां चलाई। विभिन्न खाद्य व्यवसाय प्रतिष्ठानों से एक महीने में कुल 217 खाद्य नमूने एकत्र किए। यह अभियान दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह के निर्देशों चलाया गया।
स्वास्थ्य मंत्री ने गुरुवार को एक विज्ञप्ति जारी कर कहा कि खाद्य विभाग को इस अवधि के दौरान 145 खाद्य विश्लेषण रिपोर्ट प्राप्त हुई, जिनमें से 133 नमूने निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप पाए गए, वहीं 12 नमूने मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। इस संबंध में संबंधित खाद्य व्यवसाय संचालकों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि खाद्य विभाग के अधिकारियों ने दिल्ली पुलिस के सहयोग से खारी बावली बाजार में चल रही एक घटिया मसाले बनाने वाली इकाई का भंडाफोड़ किया और संबंधित खाद्य व्यवसाय संचालक के खिलाफ 'खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006' के तहत जरूरी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। विभाग अपने नियामक संबंधी प्रवर्तन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए खाद्य सुरक्षा उल्लंघनों के मामलों में समयबद्ध अभियोजन और न्यायालयों में मामलों की सक्रिय पैरवी के माध्यम से अपने लीगल तंत्र को भी मजबूत कर रहा है। नियमों का पालन आसान बनाने के साथ व्यापार करने में सुगमता को बढ़ावा देने के लिए विभाग ने लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन संबंधी बड़ी संख्या में आवेदनों का निस्तारण किया है। मई महीने के दौरान कुल 503 लाइसेंस जारी किए गए, जबकि लाइसेंस नवीनीकरण के 753 आवेदनों (नवीनीकरण और संशोधनों से संबंधित) पर भी कार्रवाई की गई।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इसके अलावा 4010 रजिस्ट्रेशन जारी किए गए और 1000 रजिस्ट्रेशन आवेदनों (जो नवीनीकरण और संशोधनों से संबंधित थे) का भी निस्तारण किया गया। इन प्रयासों से नियामक निगरानी और ज्यादा मजबूत हुई है।
खाद्य सुरक्षा विभाग वैज्ञानिक नमूना सैंपलिंग, लक्षित निरीक्षण, कानूनी प्रवर्तन और हितधारकों के साथ सक्रिय संवाद के माध्यम से अपने नियामक ढांचे को लगातार मजबूत बना रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

