home page

विद्यार्थियों पर हुए लाठीचार्ज तथा प्रशासनिक अक्षमता के विरोध में अभाविप ने थाने के बाहर किया प्रदर्शन

 | 
विद्यार्थियों पर हुए लाठीचार्ज तथा प्रशासनिक अक्षमता के विरोध में अभाविप ने थाने के बाहर किया प्रदर्शन


नई दिल्ली, 28 फ़रवरी (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) दीनदयाल उपाध्याय महाविद्यालय के कार्यकर्ताओं ने महाविद्यालय के वार्षिकोत्सव के दौरान प्रशासन एवं पुलिस की लापरवाही के कारण छात्रों को हुईं परेशनी और दिल्ली पुलिस का छात्रों पर बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज किए जाने के विरोध में शनिवार को द्वारका उत्तर थाने के बाहर प्रदर्शन किया। उन्होंने उन पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई करने की मांग की, जिन्होंने छात्रों पर बलप्रयोग किया।

प्रदर्शन के बाद अभाविप प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधिकारियों से वार्ता कर घटना की निष्पक्ष जांच करने की मांग की और पुलिस प्रशासन को दिए ज्ञापन में अभाविप ने कहा विद्यार्थियों की सुरक्षा की सुनिश्चितता प्रशासन की जिम्मदारी है और उन पर ऐसी दमनात्मक कार्यवाही करना उस जिम्मेदारी से भागना है। जिसके बाद अधिकारियों ने दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने तथा भविष्य में ऐसी कोई भी घटना नहीं होगी ऐसा आश्वासन दिया।

अभाविप दीन दयाल उपाध्याय महाविद्यालय के इकाई अध्यक्ष सक्षम सिंह ने कहा पुलिस का विद्यार्थियों पर किए गए लाठीचार्ज अनुचित था, भीड़ प्रबंधन के लिए बल का उपयोग नहीं किया जाना चाहिए था अपितु पुलिस द्वारा पूर्व तैयारी कर कार्यक्रम का प्रबंधन देखना चाहिए था। लाठीचार्ज की घटना अत्यंत निंदनीय है। आज प्रदर्शन के दौरान हमने पुलिस अधिकारियों को इस बात से अवगत करा दिया कि भविष्य में अगर पुलिस द्वारा ऐसा कोई कृत्य होता है, तो अभाविप बड़े स्तर पर आंदोलन करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी