home page

अभाविप की राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद की बैठक 29 से भुवनेश्वर में

 | 
अभाविप की राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद की बैठक 29 से भुवनेश्वर में


नई दिल्ली, 26 मई (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद की बैठक 29 से 31 मई तक भुवनेश्वर स्थित शिक्षा ‘ओ’ अनुसंधान विश्वविद्यालय में आयोजित होगी। देशभर के सभी राज्यों से 484 कार्यकर्ता प्रतिनिधि इस बैठक में उपस्थित रहेंगे। इसमें अभाविप के राष्ट्रीय पदाधिकारी, देशभर के शैक्षिक परिसरों के विद्यार्थी नेतृत्वकर्ता, शिक्षाविद एवं विभिन्न आयामों से जुड़े प्रतिनिधि कार्यकर्ता सहभागिता करेंगे।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने मंगलवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि बैठक से पूर्व 27 मई को केंद्रीय कार्यसमिति की बैठक आयोजित होगी, जिसमें देशभर से कुल 106 कार्यकर्ता के आने की उम्मीद है। 28 मई को अभाविप के विभिन्न आयाम, कार्य एवं गतिविधियों की बैठक आयोजित की जाएगी।

इस बैठक में वर्षभर संचालित गतिविधियों, कार्यक्रमों, विस्तार योजनाओं एवं आगामी कार्ययोजनाओं पर विस्तृत चर्चा होगी। खेल, कला, सेवा, पर्यावरण, शोध, चिकित्सा, कृषि, तकनीक, जनजातीय एवं अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थी संपर्क, आदि विविध क्षेत्रों में चल रहे कार्यों की समीक्षा एवं विस्तार की दिशा तय की जाएगी।

बैठक की पूर्व संध्या पर नागरिक अभिनंदन समारोह आयोजित होगा। इस समारोह में अभाविप के पूर्व व वर्तमान कार्यकर्ता, समाज जीवन के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्धजन, शिक्षाविद एवं सामाजिक नेतृत्वकर्ता उपस्थित रहेंगे। इस समारोह में ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

उन्होंने कहा कि तीन-दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद बैठक में वर्तमान राष्ट्रीय परिदृश्य, शिक्षा व्यवस्था, युवाओं की भूमिका, राष्ट्रीय सुरक्षा, सामाजिक एवं आर्थिक विषयों, संगठनात्मक समीक्षा एवं विस्तार तथा समसामयिक चुनौतियों पर वृहद विचार-विमर्श होगा।

डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने बताया कि इस दौरान 'अखिल भारतीय विचार बैठक 2025' की समीक्षा और 'संगठनात्मक विचार बैठक 2026' के निर्णयों के संकलन व क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा होगी। साथ ही, अभियानात्मक, कार्यक्रमात्मक एवं संगठनात्मक विषयों की समीक्षा के साथ आगामी वर्ष की कार्ययोजना भी तय की जाएगी। सभी शैक्षिक संस्थानों में छात्रसंघ चुनाव हो इसके हेतु देशभर के विभिन्न महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों से आए छात्रसंघ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता चर्चा में सहभाग करेंगे।

अभाविप द्वारा लिए गए 'स्क्रीन टाइम टू एक्टिविटी टाइम अभियान', 'वंदे मातरम् के 150 वर्ष', 'छात्रावास सर्वेक्षण अभियान', 'प्रा. यशवंतराव केलकर जन्मशती वर्ष', 'आपातकाल निषेध के 50 वर्ष', 'श्री गुरु तेगबहादुर बलिदान दिवस के 350 वर्ष', 'संत शिरोमणि रविदास जी के 650वें प्राकट्योत्सव', आदि विषयों पर चिंतन-मंथन कर आगामी कार्ययोजना बैठक में तय होगी। संगठनात्मक गुणात्मक विकास हेतु सदस्यता, परिसर इकाई गठन एवं अन्य विषयों पर चर्चा के साथ विभिन्न प्रांतों द्वारा लिए गए विशेष अभियान एवं इकाइयों में नवीन प्रयोग के वृत्त का विश्लेषण करते हुए आगामी वर्ष के लिए लक्ष्य निर्धारित किया जाएगा। राष्ट्रीय अधिवेशन, एसईआईएल यात्रा, अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थी संपर्क एवं विभिन्न आयामों की आगामी योजनाओं पर भी विचार-विमर्श होगा।

उन्होंने बताया कि इस बैठक में देशभर के सभी प्रांतों से अभाविप के प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे। विभिन्न संगठनात्मक, शैक्षिक, पर्यावरणीय, आर्थिक, राष्ट्रीय सुरक्षा एवं युवाओं की भूमिका जैसे विषयों पर वृहद चिंतन एवं मंथन के पश्चात प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। इन विषयों पर आगामी दिनों में अभाविप की प्रत्येक नगर तथा परिसर इकाई कार्य करेगी।

सोलंकी ने कहा कि भुवनेश्वर की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक भूमि पर आयोजित यह बैठक संगठनात्मक ऊर्जा, वैचारिक स्पष्टता एवं कार्यक्रमात्मक विस्तार का महत्वपूर्ण केंद्र बनकर छात्रशक्ति को और सशक्त करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी