home page

बीआर अंबेडकर महाविद्यालय में वामपंथी छात्र संगठनों की फैलाई गई अराजकता दुर्भाग्यपूर्णः अभाविप

 | 
बीआर अंबेडकर महाविद्यालय में वामपंथी छात्र संगठनों की फैलाई गई अराजकता दुर्भाग्यपूर्णः अभाविप


नई दिल्ली, 14 अप्रैल (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने दिल्ली विश्वविद्यालय के डॉ भीमराव अंबेडकर महाविद्यालय में संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने पर छात्रों द्वारा आयोजित ‘युवा कुम्भ’ कार्यक्रम में वामपंथी छात्र संगठनों के अराजकता की कड़ी निंदा की। उन्होंने प्रशासन से इस घटना पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

अभाविप ने मंगलवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पिछले सौ वर्षों से निरंतर राष्ट्रहित, समाजसेवा एवं सांस्कृतिक जागरण के लिए कार्य करता आ रहा है। स्वयंसेवक संघ समाज के लिए एक मार्गदर्शक एवं प्रेरणा का स्रोत रहा है। ऐसे में शांतिपूर्ण कार्यक्रम के दौरान इस प्रकार का अमानवीय एवं अराजक व्यवहार न केवल लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध है, अपितु शैक्षणिक वातावरण को भी दूषित करने का प्रयास है।

अभाविप ने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी विचारधारा से असहमति का अधिकार सभी को है, परंतु उसका प्रदर्शन सभ्य एवं संवैधानिक मर्यादाओं के भीतर होना चाहिए। जिस प्रकार से ‘युवा कुम्भ’ जैसे सकारात्मक एवं राष्ट्रनिर्माण से जुड़े कार्यक्रम को बाधित करने का प्रयास किया गया, वह पूर्णतः अस्वीकार्य है।

अभाविप दिल्ली प्रदेश मंत्री सार्थक शर्मा ने कहा कि अभाविप इस कार्यक्रम में वामपंथी छात्रों द्वारा फैलाई गई अराजकता की कड़ी निंदा करती है और अमानवीय व्यवहार में संलिप्त सभी वामपंथी गुंडों के खिलाफ महाविद्यालय प्रशासन से मांग करता है कि इस प्रकार की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। कैंपस में अराजकता नहीं, संवाद और सकारात्मकता का माहौल होना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी