सिटी-एसपी जोन में इमरान ने भाजपा को वोट दिया तो होगा जनादेश से विश्वासघात : अंकुश नारंग
नई दिल्ली, 13 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के 11 जोनों में 15 जुलाई को होने वाले वार्ड कमेटी चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी ने सिटी-एसपी जोन को लेकर भाजपा पर निशाना साधा।
एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने सोमवार को कहा कि सिटी-एसपी जोन में आम आदमी पार्टी के स्पष्ट बहुमत के बावजूद भाजपा ने चेयरमैन पद के लिए प्रत्याशी उतारकर राजनीतिक समीकरण बदलने की कोशिश की। उन्होंने मटिया महल वार्ड-76 के निर्दलीय पार्षद इमरान से भाजपा का समर्थन नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसा करना जनता के जनादेश और विश्वास के साथ विश्वासघात होगा।
अंकुश नारंग ने कहा कि करोल बाग जोन में आम आदमी पार्टी का चेयरमैन निर्विरोध चुना जाना पार्टी की एकजुटता और मजबूती का प्रमाण है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी सभी जोनों में पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ रही है और अधिकांश जोनों में जीत दर्ज करेगी।
उन्होंने कहा कि सिटी-एसपी जोन में पिछली बार आम आदमी पार्टी निर्विरोध जीती थी। इस बार भी उपाध्यक्ष पद पर पार्टी निर्विरोध निर्वाचित हुई है, लेकिन चेयरमैन पद के लिए अंतिम समय में भाजपा ने नामांकन दाखिल किया। नारंग के अनुसार, इस जोन में आम आदमी पार्टी के सात पार्षद, भाजपा के चार पार्षद और एक निर्दलीय पार्षद इमरान हैं।
नारंग ने कहा कि मटिया महल की जनता ने हमेशा भाजपा की राजनीति को नकारा है। ऐसे में यदि शेर चुनाव चिन्ह पर निर्वाचित पार्षद इमरान भाजपा के पक्ष में मतदान करते हैं तो यह मटिया महल की जनता और उनके जनादेश के साथ सीधा विश्वासघात होगा।
उन्होंने कहा कि मटिया महल से पूर्व विधायक शोएब इकबाल और आले मोहम्मद इकबाल हमेशा भाजपा विरोधी राजनीति करते रहे हैं और मुस्लिम समाज ने भी इसी सोच के साथ उन्हें समर्थन दिया है। ऐसे में यदि इमरान भाजपा का समर्थन करते हैं तो इससे उनकी नीयत और राजनीतिक प्रतिबद्धता पर सवाल उठेंगे।
अंकुश नारंग ने कहा कि आम आदमी पार्टी को इमरान के वोट की आवश्यकता नहीं है, लेकिन यदि वह भाजपा के पक्ष में मतदान करते हैं तो पार्टी इसे जनता के सामने रखेगी। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा हुआ तो पार्टी इसका वीडियो बनाकर मटिया महल की जनता को दिखाएगी और बताएगी कि किस प्रकार अवसरवाद की राजनीति की गई।
उन्होंने दावा किया कि रोहिणी और वेस्ट जोन पहले की तरह इस बार भी आम आदमी पार्टी के पास रहेंगे, जबकि अन्य जोनों में भी पार्टी पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ रही है और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

