home page

दिल्ली में प्रदूषण पर आआपा का सरकार पर निशाना, कहा- जनता को स्वच्छ हवा देना सरकार की जिम्मेदारी

 | 
दिल्ली में प्रदूषण पर आआपा का सरकार पर निशाना, कहा- जनता को स्वच्छ हवा देना सरकार की जिम्मेदारी


नई दिल्ली, 10 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर आम आदमी पार्टी (आआपा) ने दिल्ली सरकार पर निशाना साधा। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में नेता प्रतिपक्ष और आआपा नेता अंकुश नारंग ने मंगलवार को सिविक सेंटर में आयोजित पत्रकार को संबोधित करते हुए कहा कि राजधानी में प्रदूषण का स्तर लगातार चिंताजनक बना हुआ है। दिवाली की रात पटेल नगर में एक्यूआई 1870 तक पहुंचने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर 500 के पार दर्ज किया जा रहा है। इससे लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है और अस्थमा व अन्य सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों की मुश्किलें बढ़ रही हैं।

नारंग ने कहा कि दिल्ली सरकार और एमसीडी को प्रदूषण नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है। उन्होंने सवाल किया कि सड़कों पर पानी का छिड़काव, धूल नियंत्रण और प्रदूषण कम करने के लिए प्रभावी इंतजाम पर्याप्त रूप से क्यों नजर नहीं आ रहे हैं।

नारंग ने वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि जहांगीरपुरी के एक मॉनिटरिंग स्टेशन पर पानी का छिड़काव किए जाने से आंकड़ों की विश्वसनीयता प्रभावित हो सकती है। उन्होंने दिवाली के दिन कुछ मॉनिटरिंग स्टेशनों के बंद रहने का मुद्दा उठाते हुए इसकी जांच कराने और प्रदूषण के वास्तविक आंकड़े सार्वजनिक करने की मांग की।

आआपा नेता ने कहा कि प्रदूषण का सीधा असर दिल्लीवासियों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। ऐसे में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और एमसीडी को मिलकर तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए। उन्होंने अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने और लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई करने की भी मांग की।

अंकुश नारंग ने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए सड़कों पर नियमित पानी का छिड़काव, धूल प्रबंधन और निगरानी व्यवस्था को मजबूत करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि स्वच्छ हवा और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं चाहिए। साफ हवा दिल्लीवासियों का अधिकार है और सरकार को इस दिशा में गंभीरता से काम करना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी