home page

कारापुर गांव के आंदोलन को आम आदमी पार्टी का समर्थन, सीजेपी से मिले आआपा विधायक

 | 
कारापुर गांव के आंदोलन को आम आदमी पार्टी का समर्थन, सीजेपी से मिले आआपा विधायक


कारापुर गांव के आंदोलन को आम आदमी पार्टी का समर्थन, सीजेपी से मिले आआपा विधायक


नई दिल्ली, 13 जुलाई (हि.स.)। गोवा के कारापुर गांव के लोग बिल्डर माफिया के खिलाफ पिछले 100 दिनों से जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी (आआपा) के विधायको ने सोमवार को इस आंदोलन को अपना समर्थन दिया। दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और पार्टी की गोवा प्रभारी आतिशी आंदोलन में शामिल हुईं और प्रदर्शनकारियों के साथ एकजुटता जताई।

इस दौरान बुराड़ी से विधायक संजीव झा, दिल्ली की पूर्व महापौर डॉ. शैली ओबरॉय, एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग, विधायक कुलदीप कुमार तथा पार्टी कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

इस अवसर पर आतिशी ने कहा कि कारापुर गांव के लोग पिछले 100 दिनों से अपने गांव और जमीन को एक बड़े प्रोजेक्ट से बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार ने ग्रामीणों के बजाय बिल्डरों और कॉलोनाइजर्स का साथ देने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि कारापुर के लोग अपनी जमीन बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं और आम आदमी पार्टी इस संघर्ष में उनके साथ मजबूती से खड़ी है।

बुराड़ी से विधायक संजीव झा ने कहा कि कारापुर गांव के लोगों का यह संघर्ष केवल एक गांव का नहीं, बल्कि हर उस नागरिक का संघर्ष है जो अपनी जमीन, अधिकार और न्याय के लिए लड़ रहा है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी हमेशा आम जनता के अधिकारों की लड़ाई में उनके साथ खड़ी रही है और आगे भी अन्याय के खिलाफ हर संघर्ष में मजबूती से साथ निभाएगी।

कारापुर गांव के आंदोलन को समर्थन देने पहुंचे पार्टी नेताओं ने प्रदर्शनकारियों की मांगों को न्यायोचित बताते हुए सरकार से उनकी समस्याओं का समाधान करने और ग्रामीणों की चिंताओं पर गंभीरता से विचार करने की अपील की।

प्रदर्शन के दौरान आम आदमी पार्टी के नेताओं ने सोशल मीडिया कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन को भी अपना समर्थन दिया। आतिशी ने कहा कि जंतर-मंतर पर सोनम वांगचुक से मिली, जहां उनका अनशन 16वें दिन में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने कहा कि भले ही उनकी सेहत बिगड़ रही है, लेकिन उनका हौसला बुलंद है। वे देश के युवाओं के लिए लड़ने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।

आतिशी ने सोनम वांगचुक और युवा 'कॉकरोचेस' को आगे बढ़ने की शक्ति और शुभकामनाएं दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी