home page

आआपा ने साकेत बिल्डिंग हादसे पर एमसीडी मुख्यालय पर किया प्रदर्शन, डिप्टी कमिश्नर के निलंबन की मांग

 | 
आआपा ने साकेत बिल्डिंग हादसे पर एमसीडी मुख्यालय पर किया प्रदर्शन, डिप्टी कमिश्नर के निलंबन की मांग


नई दिल्ली, 02 जून (हि.स.)। साकेत के सैदुलाजाब इलाके में पांच मंजिला इमारत गिरने की घटना को लेकर आम आदमी पार्टी (आआपा) ने मंगलवार को दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एमसीडी कमिश्नर कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर हादसे के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।

एमसीडी के सह-प्रभारी प्रवीण कुमार के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने साउथ जोन के डिप्टी कमिश्नर को तत्काल निलंबित करने की मांग करते हुए एमसीडी प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने आरोप लगाया कि दिल्ली में अवैध निर्माण का पूरा नेटवर्क है। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों की शिकायतों के बावजूद संबंधित अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की, जिसके परिणामस्वरूप यह हादसा हुआ। उन्होंने निगमायुक्त से साउथ जोन के डिप्टी कमिश्नर को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान प्रवीण कुमार ने कहा कि सैदुलाजाब की जिस इमारत के गिरने से लोगों की जान गई, उसके खिलाफ पहले से कई शिकायतें दर्ज थीं और मामला अदालत तक पहुंच चुका था। इसके बावजूद भवन में अतिरिक्त निर्माण कार्य जारी रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्ट अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मिलीभगत के कारण कार्रवाई नहीं हुई।

उन्होंने कहा कि हादसे के बाद केवल निचले स्तर के अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया, जबकि वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। आआपा ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया जाए तथा जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

प्रवीण कुमार ने आरोप लगाया कि मलबा हटाने और राहत-बचाव कार्य की गति धीमी कर दी गई है तथा सरकार मौतों के वास्तविक आंकड़ों को छिपाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों के अनुसार अभी भी कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है।

आआपा नेताओं ने कहा कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होने तक पार्टी का विरोध जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी