home page

दिल्ली विधानसभा के बाहर आआपा विधायकों का प्रदर्शन

 | 
दिल्ली विधानसभा के बाहर आआपा विधायकों का प्रदर्शन


नई दिल्ली, 23 मार्च (हि.स.)। दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी (आआपा) के विधायकों ने सोमवार को विधानसभा के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन पार्टी के विधायकों के निलंबन के विरोध में किया गया।

आआपा विधायकों ने विधानसभा परिसर के बाहर एक प्रतीकात्मक मार्च निकाला और अपनी बात रखने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस ने बैरिकेडिंग की थी। इस पर आतिशी ने कहा कि जनता द्वारा चुने हुए विधायकों को विधानसभा तक जाने से रोका जा रहा है, सड़क पर बैरिकेड लगाकर लोकतंत्र का गला घोंटा जा रहा है।

उन्होंने दावा किया कि विपक्ष को सदन में बोलने नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने आआपा के विधायकों के निलंबन को लोकतांत्रिक सिद्धांतों पर हमला बताया।

आतिशी ने कहा कि विधानसभा लोकतंत्र का मंदिर है, लेकिन विपक्ष की आवाज को कुचलने के लिए चुने हुए विधायकों को सस्पेंड कर दिया गया। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सरकार बिजली, पानी अस्पतालों की बदहाली और हालिया अग्निकांड पर बात करने से भाग रही है।

उल्लेखनीय है कि जनवरी में शीतकालीन सत्र के दौरान सदन की कार्यवाही में बाधा डालने के आरोप में आआपा के चार विधायकों को निलंबित कर दिया गया था। उनका निलंबन अभी भी जारी है क्योंकि सदन के पिछले सत्र का अभी सत्रावकाश नहीं किया गया है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी