कल्याणपुरी में सफाईकर्मी की हत्या, आआपा विधायक कुलदीप कुमार धरने पर बैठे
नई दिल्ली, 16 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली के कल्याणपुरी में रविवार सुबह चाकू मारकर की गई सफाईकर्मी की हत्या के बाद पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए आम आदमी पार्टी (आआपा) के कोंडली से विधायक कुलदीप कुमार सफाई कर्मचारियों के साथ धरने पर बैठ गए हैं।
इस दौरान सफाई कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मृतक परिवार को उचित मुआवजा, एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा दोषी को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि जब तक मृतक परिवार को न्याय नहीं मिलेगा, धरना जारी रहेगा।
आआपा के दिल्ली प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज ने चिंता जताते हुए कहा कि राजधानी में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन इस पर भाजपा की चुप्पी हैरान करने वाली है। कल्याणपुरी में एक सफाई कर्मचारी की बेरहमी से हत्या कर दी गई।
विधायक कुलदीप कुमार ने कहा कि कल्याणपुरी इलाके में जिस तरह से एक सफाई कर्मचारी की हत्या की गई है, वह बहुत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। इस घटना से पता चलता है कि दिल्ली में अपराधियों के हौसले किस तरह से बुलंद हैं। कल्याणपुरी में तो रोज ऐसी वारदातें होती हैं, जहां कभी किसी को चाकू या छुरी मारी जाती है तो कभी किसी को पीटा जाता है। एक सफाई कर्मचारी जो लोगों के घरों का कूड़ा उठाता है, उसकी इस तरह हत्या कर देना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
कुलदीप कुमार ने बताया कि घटना को हुए चार-पांच घंटे बीत चुके हैं और सफाई कर्मचारियों के साथ हम लोग धरने पर बैठा हैं, लेकिन अभी तक सरकार का कोई प्रतिनिधि, जिलाधिकारी या कोई अन्य अधिकारी यहां नहीं पहुंचा है। किसी ने यह नहीं बताया कि पीड़ित परिवार को क्या मुआवजा दिया जा रहा है। दिल्ली के सभी सफाई कर्मचारी यहां बैठे हुए हैं और जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा, तब तक वे यहीं बैठे रहेंगे।
कुलदीप कुमार ने आगे कहा कि दिल्ली में पुलिस भाजपा के कहने पर अपराधियों को बचाती है। दिल्ली में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सरकार है और चारों इंजन उनके पास हैं, लेकिन वे दिल्ली के अंदर कुछ नहीं कर रही हैं। उन्होंने दिल्ली को केवल अपराध की राजधानी बना दिया है। दिल्ली पुलिस कमिश्नर और एलजी कोई काम नहीं कर रहे हैं और ना ही इलाके का दौरा कर रहे हैं। इन लोगों ने दिल्ली को पूरी तरह से बर्बाद कर दिया है।
उधर पार्टी के वरिष्ठ नेता और एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने कहा कि कल्याणपुरी में एमसीडी सफाई कर्मचारी अनिल की ड्यूटी के दौरान खुलेआम चाकू मारकर हत्या ने दिल्ली की कानून-व्यवस्था की पोल खोल दी है। साथ ही पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

