home page

आआपा ने एमसीडी के टोल टेंडर में 500 करोड़ रुपये घोटाले का लगाया आरोप

 | 
आआपा ने एमसीडी के टोल टेंडर में 500 करोड़ रुपये घोटाले का लगाया आरोप


नई दिल्ली, 21 जुलाई (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) पर टोल (ईसीसी) टेंडर में 500 करोड़ रुपये के कथित घोटाले का आरोप लगाया है। एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने दावा किया कि टेंडर की शर्तों में बदलाव कर प्रतिस्पर्धा सीमित कर चुनिंदा कंपनियों को फायदा पहुंचाया गया, जिससे निगम को लगभग 500 करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान होगा।

अंकुश नारंग ने कहा कि हाल ही में सामने आए 650 करोड़ रुपये के कथित दवा घोटाले के बाद अब सरकार पर एमसीडी के टोल टेंडर में एक और बड़े घोटाले के आरोप लगे हैं। उन्होंने कहा कि टेंडर प्रक्रिया इस तरह तैयार की गई कि योग्य कंपनियों की जगह कुछ विशेष कंपनियों को लाभ मिल सके।

उन्होंने आरोप लगाया कि टेंडर के लिए कुल सात बोलियां आई थीं, लेकिन उनमें से केवल दो कंपनियों को प्राथमिकता दी गई। नारंग ने कहा कि इससे प्रतिस्पर्धा प्रभावित हुई और एमसीडी को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा, जिसका असर अंततः दिल्ली की जनता पर पड़ेगा।

आआपा नेता ने कहा कि इस मामले में एक निजी कंपनी स्काईलार्क लिमिटेड ने भी अदालत का रुख किया है और मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कथित अनियमितताओं की जानकारी दी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई।

अंकुश नारंग ने निगमायुक्त को पत्र लिखकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और टेंडर प्रक्रिया की पारदर्शी समीक्षा की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी