home page

दिल्ली में प्रदूषण, जाम और पानी की समस्या पर आआपा का सरकार पर हमला, सही एक्यूआई आंकड़े जारी करने की मांग

 | 
दिल्ली में प्रदूषण, जाम और पानी की समस्या पर आआपा का सरकार पर हमला, सही एक्यूआई आंकड़े जारी करने की मांग


नई दिल्ली, 06 नवंबर (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) ने दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण, यातायात जाम और पानी की समस्या को लेकर दिल्ली सरकार पर निशाना साधा।

आआपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली की हवा जहरीली हो चुकी है और लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है। ऐसे में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) के सही आंकड़े सामने आना जरूरी है।

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि प्रदूषण की वास्तविक स्थिति से अलग आंकड़े सामने आने पर लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है। उन्होंने हृदय रोग से पीड़ित बुजुर्गों का उदाहरण देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति एक्यूआई का स्तर कम देखकर सुबह की सैर के लिए निकलता है और वास्तविक प्रदूषण का स्तर अधिक होता है, तो उसकी सेहत को खतरा हो सकता है। उन्होंने सरकार से प्रदूषण के सही आंकड़े सार्वजनिक करने की मांग की।

भारद्वाज ने कहा कि प्रदूषित हवा में मौजूद सूक्ष्म कण सांस के जरिए शरीर में पहुंचकर स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याएं पैदा कर सकते हैं। ऐसे में लोगों को प्रदूषण की वास्तविक स्थिति की जानकारी मिलनी चाहिए, ताकि वे अपनी सुरक्षा के लिए जरूरी सावधानी बरत सकें।

वहीं, कोंडली के विधायक कुलदीप कुमार ने दिल्ली में यातायात जाम और प्रदूषण के साथ पूर्वी दिल्ली में पानी की समस्या का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता इन समस्याओं से परेशान है, सरकार व्यस्त हैं। उन्होंने त्योहारों के दौरान गंग नहर का पानी बंद होने से पूर्वी दिल्ली के लोगों को हुई परेशानी का भी जिक्र किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी