आआपा नेता अंकुश नारंग ने निगम शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार का लगाया आरोप, कार्रवाई की मांग
नई दिल्ली, 04 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में नेता प्रतिपक्ष और आम आदमी पार्टी (आआपा) के विधायक अंकुश नारंग ने निगम शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन प्रक्रिया को दरकिनार कर ऑफलाइन ट्रांसफर किया जा रहा है।
एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियों जारी कर कहा कि नगर निगम ने शिक्षा विभाग को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया है।
अंकुश नारंग ने आरोप लगाते हुए कहा कि 550 शिक्षकों का ऑनलाइन प्रक्रिया को दरकिनार कर मनमाने तरीके से ऑफलाइन ट्रांसफर किया गया। नरेला के शिक्षक को शाहदरा भेजा जा रहा है, जिससे उन्हें रोज 30 से 40 किमी से अधिक सफर करना पड़ेगा।
उन्होंने सवालिया लहजे में पूछा कि ऑनलाइन ट्रांसफर सिस्टम बंद कर निगम ने पर्ची सिस्टम क्यों लागू किया? अंकुश नारंग ने महापौर और निगम शिक्षा विभाग से इस पर कार्रवाई करने की मांग की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

