home page

आम आदमी पार्टी ने साइकिल खरीद में भ्रष्टाचार का लगाया आरोप, साइकिल से विधानसभा पहुंचे पार्टी विधायक

 | 
आम आदमी पार्टी ने साइकिल खरीद में भ्रष्टाचार का लगाया आरोप, साइकिल से विधानसभा पहुंचे पार्टी विधायक


नई दिल्ली, 10 अगस्त (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) के विधायक सोमवार को मॉनसून सत्र के दूसरे दिन दिल्ली विधानसभा तक साइकिल चलाकर पहुंचे। उन्होंने छात्राओं को बांटी जाने वाली साइकिलों की खरीद में कथित भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए विधानसभा के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।

आआपा विधायकों ने आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार ने एक कल्याणकारी योजना के तहत वैसी ही साइकिलें ज्यादा कीमत पर खरीदी थीं।

आआपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि जिन साइकिलों की बाजार कीमत करीब 4,200 रुपये थी, उनकी खरीद के लिए सरकार ने करीब 6,957 रुपये प्रति साइकिल का भुगतान किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने करीब 1.30 लाख साइकिलों की खरीद की, जिससे प्रति साइकिल लगभग 3,000 रुपये अधिक भुगतान किए जाने का आरोप है।

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि जो साईकिलें सरकार छात्रों को दे रही है उसी साईकिल को पार्टी ने 4,200 रुपये में खरीदी, जबकि दिल्ली सरकार ने वही साइकिल लगभग 7,000 रुपये में खरीदी। उन्होंने कहा कि आज ये साइकिलें दिल्ली सरकार के पास ले जा रहे हैं, वे भी वहां वे साइकिलें लाए हैं जो लड़कियों को बांटी जा रही हैं।

आआपा के बुराड़ी से विधायक संजीव झा ने आरोप लगाया कि साइकिल खरीद के लिए हीरो कंपनी ने टेंडर प्रक्रिया में आवेदन किया था, लेकिन बाद में उसी कंपनी की साइकिलें किसी अन्य डीलर के माध्यम से खरीदी गईं। उन्होंने दावा किया कि इन साइकिलों के लिए बाजार कीमत से करीब 3,000 रुपये अधिक भुगतान किया गया।

संजीव झा ने कहा कि यदि वही साइकिल 4,200 रुपये में उपलब्ध थी, तो सरकार ने 6,957 रुपये प्रति साइकिल की दर से खरीद क्यों की? उन्होंने कहा कि करीब 1.30 लाख साइकिलों की खरीद में प्रति साइकिल लगभग 3,000 रुपये के अंतर का हिसाब सरकार को दिल्ली की जनता के सामने देना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी