home page

मवेशी की टक्कर से व्यक्ति यमुना में गिरा, मौत

 | 

नई दिल्ली, 6 जुलाई (हि.स.)। न्यू उस्मानपुर साढ़े तीन पुश्ते के पास रविवार सुबह पूजा सामग्री विसर्जित करने गए एक युवक को मवेशी ने टक्कर मार दी। युवक यमुना में गहरे पानी में जा गिरा और डूब गया। सूचना मिलते ही पुलिस के अलावा दमकल विभाग और बोट क्लब की टीम मौके पर पहुंच गई। काफी मशक्कत के बाद युवक का शव बरामद कर लिया गया।

मृतक की पहचान देवी चरण (40) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसका शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। हालांकि वहां मौजूद कुछ लोगों ने दावा किया है कि यमुना किनारे बहाव की वजह से मिट्टी कटने से देवी चरण गहरे पानी में गिरा। तिमारपुर थाना पुलिस इसकी पड़ताल कर रही है। पुलिस के मुताबिक मूलरूप से अलीगढ़ उप्र का रहने वाला देवी चरण अपने परिवार के साथ भगत सिंह कालोनी, गौतमपुरी में रहता था। इसके परिवार में पत्नी पूनम के अलावा दो बेटी और एक बेटा है। देवी चरण चांदनी चौक इलाके में पिछले कई सालों से कपड़े की एक दुकान पर काम करता था।

रविवार को छुट्टी होने की वजह से वह वह घर में रखे पूजा के सामान को विसर्जित करने के लिए निकला। उसके साथ पड़ोसी ओमी लाल भी चले गए। साढ़े तीन पुश्ता, न्यू उस्मानपुर, यमुना किनारे पहुंचने पर वह विसर्जन की तैयारी कर रहा था। इस बीच वहां मौजूद एक मवेशी ने पीछे से उसको टक्कर मार दी। पानी में गिरकर वह डूब गया। ओमी लाल भागते हुए घर पहुंचा और पड़ोसी व पूनम को सारी बात बताई। इसके बाद परिजन वहां पहुंचे। पुलिस व बचाव दल को सूचना दी गई। बाद में देवी चरण का शव बरामद कर लिया गया। पूनम का आरोप है कि मवेशी की टक्कर से उसके पति डूब गए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी