home page

ड्रिलिंग के दौरान गिरे मलबे का विवाद नस्लीय टिप्पणी तक पहुंचा, दंपति पर केस दर्ज

 | 

नई दिल्ली, 22 फरवरी (हि.स.)। बिजली संबंधी काम कराने के दौरान ड्रिलिंग की वजह से नीचे गिरे मलबे व धूल की वजह से मालवीय नगर में एक दंपति तथा चौथे फ्लोर पर रहने वाले तीन अरुणाचल प्रदेश की युवतियों के बीच हुआ विवाद देखते ही देखते नस्लीय भेदभाव और धमकी तक पहुंच गया। वह भी सब कुछ घटित हुआ एक पुलिसकर्मी के सामने। युवतियों के खिलाफ भेदभाव व आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करने की शिकायत मिलने पर मालवीय नगर पुलिस में दंपति के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं यह पूरा मामला सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर गया। उत्तर पूर्वी नागरिक संगठनों समेत तमाम लोगों ने राजधानी में इस तरह नस्लीय भेदभाव पूर्ण रवैये पर नाराजगी जताई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता युवतियां मालवीय नगर इलाके में चौथे फ्लोर पर किराए पर रहती हैं। घटना 20 फरवरी दोपहर की बताई गई है। युवतियां अपने फ्लैट में बिजली संबंधी कार्य करा रही थी। इसके लिए ड्रिलिंग मशीन से काम चल रहा था। इस वजह से कुछ मलबा व धूल नीचे फ्लोर पर गिर गए। इसे लेकर उस फ्लोर पर रहने वाले हर्ष सिंह व उनकी पत्नी रूबी जैन ने ऊपर आकर आपत्ति जताई। आरोप है कि इस दौरान दंपति ने युवतियों के खिलाफ नस्लीय टिप्पणी करते हुए उन्हें काफी भला बुरा कहा। दोनों तरफ से विवाद बढऩे पर मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पुलिसकर्मी पहुंचने के बाद भी दोनों तरफ से वाद विवाद जारी रहा। युवतियों की तरफ से दी गई शिकायत में कहा गया है कि दंपती ने गाली गलौज की और उनके उत्तर-पूर्वी मूल को लेकर नस्लीय व अपमानजनक टिप्पणियां कीं। उनकी मर्यादा का अपमान किया गया और उन्हें धमकाया भी गया। घटना में किसी प्रकार की शारीरिक चोट की बात नहीं हुई। लेकिन पीडिताओं ने मानसिक उत्पीडऩ व उनका सार्वजनिक अपमान करने की बात कही है।

पुलिस ने दर्ज किया संगीन धाराओं में मामला

इस संबंध में मालवीय नगर थाना पुलिस ने हर्ष सिंह व उनकी पत्नी रूबी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराएं 79, 351(2), 3(5) और 196 के तहत महिला की मर्यादा का अपमान, आपराधिक धमकी, समुदायों के बीच वैमनस्य फैलाना व साझा आपराधिक मंशा का केस दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्ष के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। घटना की परिस्थितियों और कथित टिप्पणियों की पुष्टि के लिए उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

वायरल हुआ 4 मिनट 39 सेंकड का वीडियो

इस पूरे मामले को लेकर 4 मिनट 39 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें एक पुलिसकर्मी भी नजर आ रहा है। पुलिसकर्मी के सामने ही दोनों पक्ष एक दूसरे से वाद विवाद कर रहे हैं। पुलिसकर्मी दोनों पक्षों को शांत कराता नजर आ रहा है। इस दौरान महिला युवतियों के विषय में आपत्तजनिक भाषा का प्रयोग करती भी नजर आ रही है। उसका पति भी गुस्से में उसे नीचे खींचता हुआ नजर आ रहा है।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी